छात्र ने शादी का प्रस्ताव क्या टाला, टीचर ने कर ली आत्महत्या
Teacher-Student Love
भारत
RP Raghuvanshi
29 Jun 2025 06:35 PM
भारत
RP Raghuvanshi
29 Jun 2025 06:35 PM
Teacher-Student Love : एमपी के खंडवा जिला मुख्यालय से सटे पुनासा क्षेत्र में एक निजी आईटीआई कॉलेज की गेस्ट लेक्चरर ने शुक्रवार को आत्महत्या कर ली। 24 वर्षीय शिक्षिका प्रिया यादव और कॉलेज के ही एक छात्र के बीच पिछले एक वर्ष से संबंध होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, वहीं छात्र को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
कॉलेज के ही छात्र से एक साल से थी घनिष्ठता
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रिया यादव, आईटीआई नर्मदा नगर में अतिथि शिक्षक के रूप में कार्यरत थीं। कॉलेज के ही छात्र सपन यादव (उम्र 24 वर्ष) से उनका परिचय हुआ, जो समय के साथ घनिष्ठता में बदल गया। जानकारी के अनुसार दोनों के बीच एक वर्ष से प्रेम संबंध थे और परिजन भी इससे अवगत थे।
छात्र ने शादी का प्रस्ताव टाला तो फांसी लगाली
पुलिस को दिए बयान में छात्र ने बताया कि शुक्रवार को प्रिया ने उसे अपने घर बुलाया और शादी के लिए प्रस्ताव रखा। छात्र ने फिलहाल काम-धंधा स्थापित करने के बाद ही विवाह की बात कही। इसी बात से आहत होकर प्रिया ने कमरे में जाकर फांसी लगा ली। घटना के समय छात्र घर पर ही मौजूद था। काफी देर तक जब शिक्षिका बाहर नहीं आईं तो छात्र ने छत से झांककर कमरे का दृश्य देखा, जिसके बाद लोगों की मदद से दरवाजा तोड़कर उसे अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्रिया को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कर रही छात्र की भूमिका की जांच
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें जीवन से निराशा और मानसिक तनाव की बातें कही गई हैं, पर किसी का नाम नहीं है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों, मानसिक स्थिति और छात्र की भूमिका की जांच कर रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।