Tej Pratap Yadav Arrest: बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव को शनिवार देर रात पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर पटना के बेऊर जेल भेज दिया। जानिए क्या है पूरा मामला।

बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव को शनिवार देर रात पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर पटना के बेऊर जेल भेज दिया। यह कार्रवाई NEET मामले को लेकर हुए छात्र आंदोलन और 'बिहार बंद' के दौरान हुई घटनाओं के बाद की गई। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा और कानून-व्यवस्था बिगड़ने के मामले में तेज प्रताप यादव की भूमिका की जांच के बाद यह कदम उठाया गया।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को दिन में गांधी मैदान थाना पुलिस ने तेज प्रताप यादव को हिरासत में लिया था। हालांकि, उस समय कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए उन्हें कुछ देर बाद छोड़ दिया गया। इसके बाद शाम को जब वह सिटी सेंटर मॉल पहुंचे तब पुलिस ने उन्हें दोबारा अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस की टीम उन्हें पहले दीघा थाना और फिर नौबतपुर थाना लेकर गई जहां देर रात तक उनसे पूछताछ की गई। पूछताछ पूरी होने के बाद उनकी औपचारिक गिरफ्तारी की गई।
गिरफ्तारी के बाद तेज प्रताप यादव को देर रात छज्जू बाग स्थित जज के आवास पर पेश किया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अदालत के आदेश पर उन्हें उसी रात पटना के बेऊर जेल भेज दिया गया। पूरी कार्रवाई देर रात तक चली और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
जानकारी के अनुसार, पटना पुलिस का दावा है कि रामगुलाम चौक पर हुए प्रदर्शन के दौरान तेज प्रताप यादव ने छात्रों को उकसाने वाले बयान दिए थे। पुलिस के अनुसार इसी के बाद कई जिलों में प्रदर्शन हिंसक हो गया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में पटना समेत कई इलाकों में कार्रवाई की गई और केवल पटना से ही 209 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया।
प्रदर्शन के दौरान तेज प्रताप यादव ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस्तीफे की मांग की थी। उन्होंने छात्र आंदोलन का समर्थन करते हुए सोशल मीडिया पर भी अपनी बात रखी। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सोशल मीडिया पोस्ट और बयानों की भी जांच की जा रही है।
NEET मुद्दे को लेकर शुरू हुए छात्र आंदोलन के बाद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इससे पहले 24 तारीख को माले (CPIML) विधायक संदीप सौरभ को भी उनके आवास से गिरफ्तार कर बेऊर जेल भेजा गया था। 22 जुलाई को हुए बड़े प्रदर्शन के बाद से कई नेताओं और प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
विज्ञापन