
Tej Pratap Yadav : पटना में आज का दिन काफी अहम माना जा रहा है, खासकर तेज प्रताप यादव और उनकी पत्नी ऐश्वर्या राय के तलाक मामले को लेकर। ये सुनवाई पटना सिविल कोर्ट के फैमिली कोर्ट में हो रही है। सुबह तेज प्रताप यादव खुद कोर्ट पहुंच गए। वहीं कोर्ट परिसर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है।
कोर्ट के मुख्य गेट से करीब 50 मीटर पहले ही बैरिकेडिंग कर दी गई है। यहां तक कि मीडिया को भी इस दायरे के अंदर जाने की इजाज़त नहीं दी गई है। बताया जा रहा है कि ऐश्वर्या राय के समर्थन में कुछ लोग भी कोर्ट पहुंच सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस पहले से सतर्क है, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
लालू प्रसाद यादव के बेटे और बिहार सरकार में पूर्व मंत्री रह चुके तेज प्रताप यादव की शादी 12 मई 2018 को ऐश्वर्या राय से हुई थी। ऐश्वर्या बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा राय की पोती और चंद्रिका राय की बेटी हैं। यह शादी दोनों परिवारों की रजामंदी से हुई थी, लेकिन शादी के कुछ ही महीने बाद रिश्ते में दरार आ गई। नवंबर 2018 में तेज प्रताप ने कोर्ट में तलाक की अर्जी दी थी। उन्होंने अपने रिश्ते में असंगति और क्रूरता का हवाला देते हुए हिंदू मैरिज एक्ट की धारा 13(1)(1a) के तहत याचिका दाखिल की थी।
ताजा सुनवाई ऐसे समय में हो रही है जब तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं। इन तस्वीरों के वायरल होने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है। माना जा रहा है कि आज की सुनवाई में अनुष्का का जिक्र भी हो सकता है। यह वक्त तेज प्रताप के लिए काफी चुनौती भरा हो सकता है। Tej Pratap Yadav