
Tejinder Pal Singh Bagga : दिल्ली भाजपा के तेज तर्रार नेताओं में शामिल (Tejinder Pal Singh Bagga) तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिसके बाद दिल्ली का सियासी पारा बढ़ गया है। भाजपा नेता पर भड़काऊ बयान देने का आरोप लगाया गया है। यह कार्रवाई पंजाब पुलिस की साइबर सेल ने की है। उनके खिलाफ एक शिकायत दर्ज हुई थी, जिसके बाद पंजाब पुलिस की साइबर सेल ने यह कार्रवाई की है।
आपको बता दें कि भाजपा नेता तेजिंदर पाल बग्गा विधानसभा प्रत्याशी व दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता रह चुके है। आरोप है कि भाजपा नेता ने भड़काऊ बयान देने, अफवाह फैलाने और धार्मिक व सांप्रदायिक तनाव पैदा करने की कोशिश की। तेजिंदर पाल सिंह बग्गा पर 30 मार्च के एक विरोध प्रदर्शन के दौरान दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को धमकी देने का भी आरोप है। शिकायतकर्ता सनी सिंह ने पुलिस को बग्गा के बयान और वीडियो क्लिप की भी कॉ़पी सौंपी, जिसके बाद पंजाब पुलिस ने तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को गिरफ़्तार कर लिया है।
अपनी गिरफ़्तारी पर तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा है। बग्गा ने ट्वीट कर लिखा कि अरविंद केजरीवाल अगर तुम्हें लगता है कि झूठे केस करके डरा लोगे तो ये तुम्हारी गलतफहमी है। जितनी ताकत है ना उतने केस दर्ज कर, फिर भी तुम्हारी पोल इसी तरीके से खोलता रहूंगा। वहीं दिल्ली भाजपा के नेता कपिल मिश्रा ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘तेजिंदर बग्गा को पंजाब पुलिस के 50 जवान घर से गिरफ्तार करके ले गए। तेजिंदर बग्गा एक सच्चा सरदार है, उसे ऐसी हरकतों से ना डराया जा सकता है, ना कमजोर किया जा सकता है। एक सच्चे सरदार से इतना डर क्यों?’