पहलगाम में आतंकी हमला, पूर्व सरपंच की मौत और पर्यटक दंपति घायल
Terrorist Attack
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 11:35 AM
Terrorist Attack : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में शनिवार रात को आतंकियों ने दो अलग-अलग स्थानों पर हमले किए, जिनमें एक पूर्व सरपंच की मौत हो गई और एक पर्यटक दंपति घायल हो गया। पूर्व सरपंच अइजाज अहमद भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता थे, उनकी मौत पर भाजपा सहित अन्य दलों ने दुख जताया है।
पहलगाम में पर्यटकों पर हमला
पहला हमला अनंतनाग जिले के यन्नार क्षेत्र में हुआ, जो पहलगाम के पास स्थित है। यहां आतंकियों ने एक खुले टूरिस्ट कैंप पर गोलीबारी की, जिसमें जयपुर (राजस्थान) के पर्यटक दंपति, फरहा खान और उनके पति तबरेज घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पूर्व सरपंच की हत्या
दूसरा हमला शोपियां जिले के हिरपोरा गांव में हुआ, जहां आतंकियों ने पूर्व सरपंच अइजाज अहमद शेख पर गोलीबारी की। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्होंने दम तोड़ दिया। शेख भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े हुए थे और पार्टी के सक्रिय सदस्य थे।
ये हमले ऐसे समय में हुए हैं जब जम्मू-कश्मीर में लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार चल रहा है। बारामुला सीट पर 20 मई और अनंतनाग-राजौरी सीट पर 25 मई को मतदान होना है। पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने इन हमलों की निंदा करते हुए कहा कि इनकी टाइमिंग सरकार के "सामान्य स्थिति" के दावों पर सवाल उठाती है।
राजनीतिक प्रतिक्रिया
नेशनल कॉन्फ्रेंस, पीडीपी और भाजपा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों ने इन हमलों की कड़ी निंदा की है। भाजपा ने अपने नेता अइजाज शेख की हत्या को क्रूरता बताया और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। हमलों के बाद सुरक्षा बलों ने दोनों क्षेत्रों को घेर लिया है और तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, हमलावरों की तलाश जारी है ।