Covid 19 : थम नहीं रहा कोरोना की रफ्तार, 24 घंटे में 20 हजार नए मामले, 40 की मौत
भारत
RP Raghuvanshi
20 Jul 2022 06:03 PM
भारत
RP Raghuvanshi
20 Jul 2022 06:03 PM
New Delhi : नई दिल्ली। तमाम कोशिशों के बावजूद देश में कोरोना (Covid-19) की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण (Corona infection) के 20,557 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही देश में संक्रमितों (Infected) की संख्या 4,38,03,619 हो गई। जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1,45,654 पर पहुंच गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Union Health Ministry) की ओर से बुधवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक भारत में संक्रमण से 40 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,25,825 हो गई। देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 1,45,654 हो गई है, जो कुल मामलों का 0.33 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 2000 की बढ़ोत्तरी हुई है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.47 प्रतिशत है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार दैनिक संक्रमण दर 4.13 प्रतिशत, जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 4.64 प्रतिशत है। देश में अब तक कुल 4,31,32,140 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। कोविड-19 से मृत्यु दर 1.20 प्रतिशत है। वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 200.61 करोड़ खुराकें दी जा चुकी हैं। गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे।
देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार हो गए थे। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से मौत के 40 मामले सामने आए। इनमें से केरल में 11, महाराष्ट्र तथा पश्चिम बंगाल में छह-छह, पंजाब में चार, सिक्किम में तीन, दिल्ली में दो और हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, मणिपुर, ओडिशा तथा राजस्थान में एक-एक मामला सामने आया।