होटल के रूम में मिला मशहूर एक्टर Kalabhavan Navas का शव, हुआ बड़ा खुलासा!
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 02:19 AM
मलयालम सिनेमा के जाने-माने एक्टर, मिमिक्री आर्टिस्ट और सिंगर कालाभवन नवास (Kalabhavan Navas) का 51 साल की उम्र में निधन हो गया है। वह एक फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में केरल के चोट्टानिकारा स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे जहां उनका शव शुक्रवार शाम को होटल के कमरे में पाया गया। Kalabhavan Navas
होटल स्टाफ ने जब कमरे में हलचल नहीं देखी तो उन्होंने अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस ने बताया कि नवास को तत्काल पास के अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक जांच में दिल का दौरा पड़ना मौत की वजह माना जा रहा है।
मलयालम इंडस्ट्री को बड़ा झटका
पिछले कुछ हफ्तों में साउथ सिनेमा जगत को एक के बाद एक कई बड़े नुकसान झेलने पड़े हैं। हाल ही में तेलुगू अभिनेता कोटा श्रीनिवास राव, तमिल अभिनेता राजेश और तेलुगू एक्टर फिश वेंकट के निधन ने फिल्म इंडस्ट्री को गमगीन कर दिया था। और अब कालाभवन नवास की असमय मौत ने इस दुख की लहर को और गहरा कर दिया है।
फिल्मों और मिमिक्री में शानदार योगदान
कालाभवन नवास न केवल एक सशक्त अभिनेता थे बल्कि एक शानदार मिमिक्री कलाकार और प्लेबैक सिंगर भी थे। उन्होंने अपने करियर में कई चर्चित मलयालम फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाईं जैसे-हिटलर ब्रदर्स, जूनियर मैंड्रेक, मट्टुपेट्टी मचान, चंदामामा, मीनाक्षी कल्याणम, वन मैन शो, वेट्टम, चट्टाम्बिनाडु कोबरा, एबीसीडी, मेरा नाम और मिमिक्स एक्शन 500 जैसी फिल्मों में भी उन्होंने अपने अभिनय से खास पहचान बनाई।इसके अलावा वह टेलीविजन शोज और स्टेज परफॉर्मेंस के जरिए भी दर्शकों को लंबे समय तक हंसाते और भावुक करते रहे।
निजी जीवन और परिवार
नवास की पत्नी रेहाना नवास भी एक अभिनेत्री हैं। दोनों ने साल 2002 में शादी की थी। उनके तीन बच्चे हैं नाहरिन, रिहान और रिदवान। इस दुःखद खबर के बाद परिवार और फैंस सदमे में हैं। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर भी फैंस और फिल्मी सितारे नवास को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। सभी ने उन्हें एक बहुआयामी कलाकार और बेहद विनम्र इंसान के रूप में याद किया।
कालाभवन नवास भले ही इस दुनिया से चले गए हों लेकिन उनके अभिनय, उनकी कॉमिक टाइमिंग और उनके द्वारा निभाए गए किरदार मलयालम सिनेमा के इतिहास में हमेशा जिंदा रहेंगे।