दुनिया के सबसे महंगे तलाकों की बात करें, तो बिल गेट्स और मेलिंडा फ्रेंच गेट्स का नाम सबसे ऊपर आता है। इन मामलों ने साबित कर दिया कि जब बात अरबपतियों की हो, तो तलाक भी इतिहास रच सकता है—न सिर्फ रिश्तों में, बल्कि पैसों के मामले में भी।

बता दें कि तलाक अब सिर्फ निजी रिश्तों के टूटने तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि कई बार यह आर्थिक इतिहास भी बना देता है। भारत में 2025 के दौरान कई हाई-प्रोफाइल तलाक चर्चा में रहे। क्रिकेटर युजवेंद्र चहल और धनश्री वर्मा के तलाक की खबरें भी खूब सुर्खियों में रहीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चहल ने एलिमनी के तौर पर करीब 60 करोड़ रुपये दिए।
लेकिन अगर बात भारत से बाहर की करें, तो दुनिया में ऐसे कई तलाक हुए हैं जिनमें करोड़ नहीं, बल्कि अरबों डॉलर की संपत्ति का बंटवारा हुआ। आइए जानते हैं दुनिया के सबसे महंगे तलाक और उनसे जुड़े बड़े नाम।
माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स और मेलिंडा फ्रेंच गेट्स ने 27 साल की शादी के बाद साल 2021 में तलाक लिया। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह अब तक का सबसे महंगा तलाक माना जाता है। अनुमान है कि इस सेटलमेंट में करीब 76 अरब डॉलर की संपत्ति का बंटवारा हुआ। मेलिंडा को भारी रकम के साथ-साथ अरबों डॉलर के शेयर भी मिले। उस समय बिल गेट्स दुनिया के सबसे अमीर लोगों में शामिल थे, जिससे यह तलाक आर्थिक रूप से ऐतिहासिक बन गया।
अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस का 2019 में मैकेंजी स्कॉट से तलाक हुआ। सेटलमेंट के तहत मैकेंजी को अमेजन के 4 फीसदी शेयर मिले, जिनकी कीमत उस वक्त करीब 38 अरब डॉलर आंकी गई थी। इस तलाक के बाद मैकेंजी स्कॉट दुनिया की सबसे अमीर महिलाओं में शामिल हो गईं।
फ्रेंच-अमेरिकन बिजनेसमैन एलेक विल्डनस्टीन का 1999 में जोसलिन विल्डनस्टीन से तलाक हुआ। 21 साल की शादी के बाद जोसलिन को करीब 3.8 अरब डॉलर की एलिमनी मिली। उस दौर में इसे दुनिया के सबसे महंगे तलाकों में गिना गया।
मीडिया इंडस्ट्री के दिग्गज रूपर्ट मर्डोक ने 1999 में अपनी पत्नी से तलाक लिया। इस सेटलमेंट में उनकी पत्नी को करीब 1.7 अरब डॉलर की संपत्ति मिली। अपने समय में यह तलाक भी काफी चर्चा में रहा।
पैसिफिक इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट कंपनी (PIMCO) के को-फाउंडर बिल ग्रॉस का 2017 में तलाक हुआ। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेटलमेंट के तहत उनकी पत्नी को करीब 1.3 अरब डॉलर मिले। यह मामला लंबे समय तक विवादों और सुर्खियों में बना रहा।
फॉर्मूला वन के पूर्व बॉस बर्नी एक्लेस्टोन का स्लाविका रैडिक से तलाक भी बेहद महंगा साबित हुआ। सेटलमेंट में स्लाविका को करीब 1.2 अरब डॉलर मिले, जिसके बाद वह ब्रिटेन की सबसे अमीर महिलाओं में शामिल हो गईं।