
Covid 19 : देश में कोरोना वायरस के सक्रिय मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। वर्तमान में कुल 2710 सक्रिय कोविड मामले दर्ज किए गए हैं। केरल में सबसे ज्यादा संक्रमण के केस सामने आ रहे हैं, लेकिन पूर्व WHO प्रमुख वैज्ञानिक सौम्या स्वामीनाथन ने लोगों को घबराने से बचने की सलाह दी है।
पूर्व WHO की मुख्य वैज्ञानिक डॉ. सौम्या स्वामीनाथन ने कहा है कि कोरोना वायरस अब हमारे जीवन का स्थायी हिस्सा बन चुका है। वे बताती हैं कि कोविड-19 के मामलों में समय-समय पर उतार-चढ़ाव होंगे, लेकिन हमारी मजबूत प्रतिरक्षा प्रणाली और टीकाकरण से संक्रमण के लक्षण हल्के रहते हैं।
डॉ. सौम्या ने कहा कि वायरल संक्रमणों पर एंटीबायोटिक्स का कोई असर नहीं होता। कोविड, इन्फ्लूएंजा या अन्य श्वसन संक्रमणों के लिए केवल लक्षणों के अनुसार उपचार करना चाहिए। एंटीबायोटिक्स केवल तभी लेना चाहिए जब कोई द्वितीयक जीवाणु संक्रमण हो।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में कुल सक्रिय मामलों की संख्या 2710 है। इनमें केरल में 1147 मरीज हैं, इसके बाद महाराष्ट्र में 424, दिल्ली में 294 और गुजरात में 223 सक्रिय मामले देखे गए हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में 84 नए कोविड मामले सामने आए हैं। इस वर्ष अब तक कुल संक्रमितों की संख्या 681 हो गई है, जबकि सक्रिय मामले 467 हैं। Covid 19