क़ानून के रक्षक ने ही भक्षक बन कर ले ली एक युवती की जान , मामला औद्योगिक नगरी नोएडा का है
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 04:43 AM
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 04:43 AM
नोएडा (Noida) शहर के सेक्टर 70 के एक ओयो होटल में युवती की हुई संदिग्ध मौत के मामले में एक नया मोड़ आ गया है। परिजनों ने युवती द्वारा मृत्यु से पूर्व बनाए गए एक वीडियो को जारी करते हुए उसकी बलात्कार के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। युवती के परिजन एक कॉन्स्टेबल पर उसकी हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
बता दें कि मंगलवार को सेक्टर 70 स्थित ओयो होटल अशोका पैराडाइज में एक 26 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से लटका मिला था। युवती एडोब कंपनी में काम करती थी। प्रारंभिक जांच पड़ताल में पता चला कि गाज़ियाबाद निवासी युवती ने 1 अगस्त को ऑनलाइन होटल में कमरा बुक किया था। 2 अगस्त की सुबह जब कमरे की सफाई के लिए स्टाफ ने दरवाजा खटखटाया तो युवती ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस दरवाजा तोड़ कर अंदर रूम में पहुंची जहां युवती पंखे से लटकी हुई थी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस इस मामले को आत्महत्या बता रही है।
वहीं मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी का बलात्कार करने के बाद हत्या की गई है। हत्या की वारदात को आत्महत्या का रूप देने के लिए होटल के कमरे में शव को पंखे से लटका दिया गया है। मृतका के पिता का आरोप है कि पुलिस के कॉन्स्टेबल आकाश ने इस घटना को अंजाम दिया है। इस मामले में युवती के पिता ने एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जारी किया है। जिसमें युवती रोते हुए अपने दोस्त अर्जुन से खुद को कॉन्स्टेबल आकाश से बचाने की गुहार लगा रही है। इस मामले में डीसीपी राजेश एस का कहना है कि सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच पड़ताल की जा रही है।