राष्ट्रीय ब्यूरो। भाजपा नेता वरुण गांधी लखीमपुर खीरी मामले में खुलकर किसानों के समर्थन में उतर गए हैँ। उन्होंने सरकार से साफ कहा है कि निर्दोष किसानों की हत्या किसने की,इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि बीते तीन अक्टूबर को लखीमपुर खीरी में प्रदर्शन कर रहे किसानों पर कथित रूप से केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्र ने गाड़ी चढ़ा दी थी। जिसके बाद मची हिंसा में 5 किसान मारे गए व कई घायल हो गए। इस घटना के बाद से वरुण गांधी खुलकर किसानों के पक्ष मे उतरकर अपनी ही सरकार पर हमलावर हैं। गुरुवार को उन्होंने घटना का एक नया वीडियो जारी करते हुए ट्वीट किया कि सब कुछ बिलकुल साफ है। किसानों की हत्या की गई है। इसलिए उन्हें न्याय मिलना ही चाहिए। उन्होंने कहाकि प्रदर्शनकारियों की हत्या करके उन्हें शांत नही कर सकते हैँ। निर्दोष किसानों के खून की जवाबदेही तय होनी चाहिए। बतादें कि इस घटना के बाद उत्तरप्रदेश की राजनीति में उबाल आ गया है। समूचा विपक्ष भाजपा सरकार पर हमलावर है। तो सत्ता पक्ष मामले को शांत करने में लगा है। ऐसे में वरुण गांधी का किसानों के पक्ष में खड़ा होना चौकाता है। हालांकि उनकी मां व पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने पूरे मामले में चुप्पी साध रखी है।