Tommy Wed's Jelly : रीति-रिवाजों के साथ हुई कुत्ते की 'शादी'
Tommy Wed's Jelly
भारत
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 05:19 AM
Tommy Wed's Jelly : अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक अनोखी शादी हुई है। टॉमी और जेली नाम के कुत्ते-कुतिया की इस शादी में 'बैंड, बाजा, बारात' और देसी घी में तैयार व्यंजनों के इंतजाम के बीच फिल्मी गानों पर मेहमान थिरकते नजर आये। मंत्रोच्चार के साथ सभी रस्में पूरी गयीं और सात फेरे भी हुए।
Tommy Wed's Jelly
यह 'शादी' मकर संक्रांति (14 जनवरी) के शुभ दिन पर हुई। इसके लिए अलीगढ़ जिले के सुखरावाली गांव में सभी व्यवस्थाएं की गई थीं। अपने चहेते टॉमी की शादी का पूरा इंतजाम उसके मालिक दिनेश चौधरी ने किया, जिस पर लगभग एक लाख रुपये खर्च हुए।
देवेश ने बताया मेरे चाचा दिनेश चौधरी के पास आठ महीने का नर कुत्ता टॉमी है। मैंने टॉमी की शादी का विचार उनके सामने रखा जो उन्हें पसंद आ गया। उन्होंने कहा जेली एक मादा कुत्ता है, जिसके मालिक अलीगढ़ के अतरौली क्षेत्र के टिकरी रायपुर निवासी मेरे ससुर डॉक्टर राम प्रकाश सिंह हैं। जब हमने उन्हें इस शादी का प्रस्ताव दिया तो उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
देवेश ने बताया कि टॉमी के मालिक और सुखरावाली के पूर्व प्रधान दिनेश चौधरी ने सारी व्यवस्था की, जिसके तहत बाकायदा मेहमानों की सूची तैयार की गई और पंडित को शादी करने के लिए बुलाया गया। टॉमी की 'बारात' उसके गले में माला डालकर गांव में गाजे-बाजे के साथ निकाली गई और लोग उसकी धुन पर जमकर नाचे। उन्होंने बताया कि शादी के दौरान पंडित ने मंत्रोच्चार के साथ सभी रस्में पूरी कीं और सात फेरे भी हुए।
देवेश ने बताया, इस अनोखी शादी में मेहमानों के लिए देसी घी से व्यंजन बनाये गये। इनमें दो सब्जियां, पूड़ी, हलवा और रायता शामिल हैं। मेहमानों ने इन व्यंजनों का लुत्फ लिया। आसपास के इलाकों में आवारा कुत्तों को भी खाना परोसा गया। हमने समारोह पर लगभग एक लाख रुपये खर्च किए।
उन्होंने कहा, हमने कई ई-रिक्शा की व्यवस्था की, जिन पर भोजन रखा गया और आस-पास के इलाकों में ले जाकर आवारा कुत्तों को खिलाया गया। शादी में शामिल होने वाले लोग भी काफी उत्साहित दिखे क्योंकि यह एक अनोखा अवसर था। देवेश ने कहा, इस शादी के साथ हमने पशु क्रूरता के खिलाफ एक संदेश देने की भी कोशिश की। हो सकता है कि यह शादी प्रतीकात्मक लगे मगर संदेश देने का हमारा उद्देश्य पूरा हुआ।