Advertisement
Advertisement

Advertisement
YouTuber Jyoti Malhotra : हरियाणा की चर्चित यूट्यूबर और ट्रैवल ब्लॉगर ज्योति मल्होत्रा को लेकर एक बड़ा और सनसनीखेज खुलासा सामने आया है। पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोपों से घिरी ज्योति के मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की फॉरेंसिक रिपोर्ट हिसार पुलिस को प्राप्त हो गई है, जिसमें उसके पाकिस्तान से जुड़े जासूसी नेटवर्क की परतें खुलती नजर आ रही हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, फॉरेंसिक जांच में ज्योति के डिवाइसेज़ से करीब 12 टेराबाइट डिजिटल डेटा बरामद हुआ है, जिसमें चार पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑपरेटिव्स (PIOs) से उसका सीधा संपर्क सामने आया है। रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट है कि ज्योति ने केवल वन-ऑन-वन बातचीत की, किसी ग्रुप चैट का कोई सुराग नहीं मिला।
ज्योति की पहली पाकिस्तान यात्रा के बाद उसे वहां की गृह मंत्रालय और ISI से विशेष वीज़ा और सुरक्षा मंजूरी मिली थी। एक वायरल वीडियो में उसे AK-47 से लैस सुरक्षाकर्मियों के बीच देखा गया, जो कि एक स्कॉटिश यूट्यूबर द्वारा फिल्माया गया था। वीडियो में ज्योति को जिस तरह VIP सुरक्षा मुहैया कराई गई, उसने भारतीय एजेंसियों को सतर्क कर दिया।
हैरानी की बात यह रही कि वीडियो में पाकिस्तानी गार्ड्स सादे कपड़ों में दिखाई दिए लेकिन उनके हाथों में आधुनिक हथियार थे और वे हर कदम पर ज्योति की सुरक्षा करते नजर आए। वीडियो में स्कॉटिश कंटेंट क्रिएटर ने भी सवाल उठाया — "एक आम यूट्यूबर को इतनी हाई-लेवल सिक्योरिटी क्यों?"
हिसार पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, ज्योति ने जानबूझकर ISI की रणनीति में भागीदारी की, जिससे उसे पाकिस्तान में सुविधाएं और सोशल मीडिया पर बढ़ती लोकप्रियता मिल सके। शुरुआती जांच में उसके खातों में संदिग्ध विदेशी फंडिंग के संकेत भी मिले हैं, जिनके स्रोतों की पुलिस गहनता से जांच कर रही है।
डिजिटल सबूत इतने ठोस हैं कि ज्योति पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया जा सकता है। पुलिस का मानना है कि उसकी समय पर गिरफ्तारी से एक बड़े राष्ट्रीय सुरक्षा संकट को टाल दिया गया। एजेंसियों ने पहले ही उसकी गतिविधियों पर नजर रखना शुरू कर दिया था, खासकर जब वह पहली बार पाकिस्तान गई थी।
33 वर्षीय ज्योति मल्होत्रा हरियाणा के हिसार की रहने वाली एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर है। ‘Travel With Jo’ नामक चैनल से वह ट्रैवल व्लॉग्स बनाती थी। लाखों सब्सक्राइबर्स और पाकिस्तान यात्रा के बाद तेजी से बढ़े फॉलोअर्स के बीच उसकी पहचान एक सफल कंटेंट क्रिएटर की बनी, लेकिन अब उसके पीछे छिपी जासूसी की परतें उजागर हो रही हैं। YouTuber Jyoti Malhotra
Advertisement
Advertisement