Tripura News : त्रिपुरा में माकपा और भाजपा के बीच संघर्ष, एक की मौत, सुरक्षाकर्मी समेत 20 जख्मी
Clash between CPI(M) and BJP in Tripura, one dead, 20 injured including security personnel
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 05:12 AM
Tripura News : अगरतला। त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प में कथित संलिप्तता को लेकर चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
चारीलाम में माकपा और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इसमें 75 वर्षीय शाहिद मियां की मौत हो गयी, जबकि सुरक्षाकर्मियों समेत 20 अन्य घायल हुए थे। घायलों को अगरतला के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Tripura News :
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों दलों के समर्थकों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस घटना के सिलसिले में तीन प्राथमिकियां दर्ज की गयी हैं। बाकी आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने इस संघर्ष के दौरान अपने कर्मियों पर हुए हमले का स्वत: संज्ञान लेकर उस संदर्भ में भी मामला दर्ज किया है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं की गयी है।
पूर्व वित्तमंत्री भानू लाल साहा ने पहले कहा था कि सैकड़ों माकपा समर्थक विभिन्न मांगों को लेकर प्रखंड विकास अधिकारी के पास एक प्रतिनिधिमंडल भेजने के लिए चारीलाम में पार्टी कार्यालय में जुटे थे, लेकिन अचानक ‘भाजपा समर्थित बदमाशों’ ने उन पर बम फेंके तथा लाठियों एवं लोहे की छड़ों से उन पर हमला किया।
Tripura News :
उपमुख्यमंत्री एवं चारीलाम के विधायक जिष्णु देववर्मा ने इस आरोप का खंडन किया और उल्टा साहा पर अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले हिंसा फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री भाड़े के गुंडों की मदद से इलाके पर नियंत्रण स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं तथा जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनकी कोशिश का विरोध किया, तब दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गयी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा में विपक्ष के नेता मानिक सरकार ने जीबीपी अस्पताल में अपने घायल पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद इस घटना की निंदा की।