Tunisha death case: शीजान खान को 14 दिन की न्यायिक हिरासत
Tunisha death case:
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 02:51 AM
Tunisha death case : पालघर। महाराष्ट्र के पालघर जिले की एक अदालत ने अपनी सह-अभिनेत्री तुनिषा शर्मा को कथित तौर पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार अभिनेता शीजान खान को शनिवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
Tunisha death case
शनिवार को खान की पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद उन्हें वसई की एक मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया। शुक्रवार को अभिनेता की पुलिस हिरासत एक दिन और बढ़ा दी गई थी। मजिस्ट्रेट ने खान को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
अभिनेत्री को कथित तौर पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में खान (27) को पालघर जिले की वालिव पुलिस ने 26 दिसंबर को गिरफ्तार किया था। उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
टीवी सीरियल 'अली बाबा : दास्तान-ए-काबुल' में अभिनय कर रहीं 21 वर्षीय शर्मा 25 दिसंबर को वसई के पास शो के सेट पर वॉशरूम में फांसी के फंदे से लटकी मिली थीं।
शर्मा की मां ने आरोप लगाया है कि खान ने उनकी बेटी को धोखा दिया और उसका ‘इस्तेमाल’ किया। उन्होंने यह भी दावा किया है कि टेलीविजन धारावाहिक जिसका वे दोनों हिस्सा थे, उसके सेट पर खान ने उनकी बेटी को थप्पड़ मारा था और वह शर्मा को उर्दू पढ़ा रहा था तथा चाहता था कि वह हिजाब पहने।