Udaipur Murder Case : अदालत में पेश किए जाएंगे कन्हैया लाल हत्याकांड के आरोपी
PC-India Today
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 02:36 AM
Jaipur: जयपुर। उदयपुर के कन्हैया लाल हत्याकांड के सभी सात आरोपियों को मंगलवार को जयपुर में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। विशेष लोक अभियोजक टीपी शर्मा ने बताया कि अदालत ने आरोपियों को 12 जुलाई तक के लिए एनआईए की हिरासत में भेजा था। इन आरोपियों को मंगलवार को फिर अदालत में पेश किया जाएगा।
गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर विवादास्पद पोस्ट को लेकर 28 जून को रियाज अख्तरी और गौस मोहम्मद ने उदयपुर में दर्जी कन्हैया लाल की हत्या कर दी थी। इस मामले में इन दोनों के अलावा मोहसिन, आसिफ, मोहम्मद मोहसिन, वसीम अली और फरहाद मोहम्मद शेख को गिरफ्तार किया था। इन सभी को अलग-अलग दिन अदालत में पेश किया गया, लेकिन एनआईए ने इन्हें 12 जुलाई तक हिरासत में भेजने की मांग की, ताकि इन्हें एक साथ अदालत में पेश किया जा सके।
उदयपुर में दर्जी कन्हैया लाल की हत्या के बाद पूरे देश में हड़कंप मच गया था। दरअसल, इस हत्याकांड के पीछे भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा की मोहम्मद साहब के खिलाफ दिए गए बयान के समर्थन को कारण बताया गया था। कन्हैया लाल ने सोशल मीडिया पर नूपुर शर्मा के बयान का समर्थन किया था। उसके बाद ये हर उन्हें धमकी मिलने लगी। डर की वजह से वह दुकान नहीं जा रहे थे। इस बात की शिकायत उन्होंने पुलिस से भी की थी, लेकिन उन्हें कोई सुरक्षा नहीं मिली और आखिर, उनकी हत्या कर दी गई। इस मामले की जांच पहले राजस्थान की पुलिस कर रही थी। बाद में केंद्र के दखल के बाद मामले की जांच एनआईए को सौंप दी गई थी।