राहुल गांधी की डिनर पार्टी में उद्धव ठाकरे की सीट बनी सियासी मुद्दा
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 12:39 AM
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की डिनर पार्टी इस समय चर्चा में है लेकिन खाने की नहीं, बल्कि उद्धव ठाकरे की सीटिंग पोजिशन को लेकर। इस मुद्दे पर अब महाराष्ट्र की सियासत गरमा गई है और बीजेपी बनाम उद्धव गुट (UBT शिवसेना) के बीच जुबानी जंग छिड़ गई है। Rahul Gandhi
फडणवीस का तंज: 'देख लिया वहां कैसा सम्मान मिला'
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने इस पर तंज कसते हुए कहा, "उद्धव ठाकरे हमेशा हमारे साथ फ्रंट रो में बैठते थे। उनके सम्मान को हमने हमेशा अपनी प्राथमिकता दी। लेकिन अब देख लिया कि वहां उन्हें कैसा सम्मान मिलता है। भाषणों में कहते हैं कि दिल्ली के आगे नहीं झुकेंगे लेकिन सत्ता से बाहर होते ही दिल्ली में उनकी क्या स्थिति हो गई यह देखकर दुख होता है।" बीजेपी ने इस बयान के साथ डिनर पार्टी की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर शेयर कीं जिनमें उद्धव ठाकरे पीछली कतार में बैठे नजर आ रहे हैं।
UBT शिवसेना का पलटवार
बीजेपी के तंज पर यूबीटी शिवसेना ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। सांसद संजय राउत ने कहा, "पहले हम सामने बैठे थे, लेकिन टीवी स्क्रीन की रोशनी आंखों में चुभ रही थी, इसलिए खुद ही पीछे चले गए। बीजेपी वाले फालतू लोग हैं। असली मुद्दा सीट नहीं है, बल्कि राहुल गांधी उस दिन चुनाव आयोग की भूमिका को उजागर कर रहे थे। लेकिन बीजेपी को तो बस तस्वीरों में राजनीति ढूंढनी है।"
'घर जैसा माहौल था सीट से फर्क नहीं पड़ता'
आदित्य ठाकरे ने भी इस विवाद को बेवजह बताया, "कौन सी सीट पर कौन बैठा, इससे फर्क नहीं पड़ता। वो एक घरेलू माहौल जैसा था। टीवी स्क्रीन से दूर बैठना ज्यादा आरामदायक था। बीजेपी को असल तकलीफ इस बात से है कि राहुल गांधी ने चुनाव आयोग की साख पर सवाल उठाए हैं, और उनकी पोल खोली है।"
समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आजमी ने भी बीजेपी पर निशाना साधा और कहा, "बीजेपी को क्या लेना-देना कि उद्धव ठाकरे कहां बैठे? उन्हें अपमानित किया गया या नहीं, इसका फैसला उद्धव जी खुद करेंगे। बीजेपी बस इंडिया ब्लॉक के बीच फूट डालना चाहती है, लेकिन ऐसा होने वाला नहीं है।" बता दें कि, इस डिनर मीटिंग में विपक्षी गठबंधन INDIA के नेताओं ने बैठक कर चुनाव आयोग की भूमिका और आगामी रणनीति पर चर्चा की लेकिन बीजेपी ने इस अवसर पर भी उद्धव ठाकरे की पीछे की सीट को मुद्दा बना लिया और विपक्षी एकता पर सवाल खड़े कर दिए। Rahul Gandhi