बड़ी खबर : UGC-NET परीक्षा रद्द, 9 लाख छात्रों ने दी थी परीक्षा
UGC-NET Exam Cancel
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 10:31 PM
UGC-NET Exam Cancel : दिल्ली से इस समय बड़ी खबर आ रही है। NEET के विवादों के बीच शिक्षा मंत्रालय ने UGC-NET की परीक्षा को रद्द कर दिया है। दिल्ली में गुरुवार दोपहर को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिक्षा मंत्रालय के संयुक्त सचिव गोविंद जायसवाल ने बताया कि, "एनटीए द्वारा 18 जून को आयोजित यूजीसी-नेट परीक्षा में 9 लाख छात्रों ने भाग लिया था।
UGC-NET Exam Cancel
आपको बता दें कि शिक्षा मंत्रालय ने देखा कि UGC-NET परीक्षा में गड़बड़ी की संभावना थी। जिसके बाद मंत्रालय ने UGC-NET परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया। UGC-NET परीक्षा की अगली तिथि जल्द ही घोषित की जाएगी। सयुक्त सचिव ने बताया कि मामला सीबीआई को सौंप दिया गया है। शिक्षा मंत्रालय ने कहा कि छात्रों का हित हमारे लिए सर्वोपरि है। गड़बड़ी करने वालों पर एक्शन लिया जाएगा और इसमें शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
क्यों रद्द हुई परीक्षा?
परीक्षा रद्द होने के बाद लोगों के मन में ये सवाल है कि आखिर सरकार को अचानक क्यों इतना बड़ा फैसला लेना पड़ा? दरअसल, शिक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी कि गृह मंत्रालय की साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (14सी) की नेशनल साइबर क्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट ने परीक्षा में हुई गड़बड़ी की जानकारी दी। इनपुट के जरिए जानकारी सामने आने के बाद परीक्षा की पारदर्शिता और पवित्रता को बनाने के लिए सरकार ने परीक्षा रद्द करने और फिर से एग्जाम कराने का फैसला किया गया।
यूजीसी-नेट परीक्षा क्या है?
यूजीसी-नेट देश भर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा है जिसका उद्देश्य देश भर की यूनिवर्सिटीज और कॉलेजों में ‘असिस्टेंट प्रोफेसर’ और ‘जूनियर रिसर्च फेलोशिप और असिस्टेंट प्रोफेसर’ जैसे पदों के लिए पदों पर भर्ती करना है। इसके अलावा, यह सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय के अंतर्गत आने वाली कई फेलोशिप के लिए भी योग्यता तय करता है। वेबसाइट की मानें तो, इन फेलोशिप के लिए इच्छुक उम्मीदवारों को भी इस परीक्षा के माध्यम से आवेदन करना होगा और पास होना होगा।