
Umesh Pal murder case : मेरठ। माफिया अतीक अहमद के साथ मिलकर उमेश पाल हत्याकांड की साजिश रचने वाले उसके बहनोई डा. अखलाक को लेकर नया खुलासा सामने आया है।
एसटीएफ को प्रमाण मिले हैं कि अखलाक ने बमबाज गुड्डू और अतीक के बेटे असद को घटना के बाद घर में संरक्षण दिया था और उन्हें आर्थिक मदद भी पहुंचाई। घर के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज में बमबाज गुड्डू और असद के आने और जाने के प्रमाण मिले हैं। एसटीएफ की टीम सीसीटीवी की डीवीआर साथ ले गई है।
आपको बता दें कि शनिवार रात दस बजे लखनऊ एसटीएफ की टीम ने मेरठ यूनिट की मदद से माफिया अतीक अहमद के बहनोई डा. अखलाक को गिरफ्तार किया था। अखलाक नौचंदी थाने के भवानी नगर में रहता है। एसटीएफ की जांच में सामने आया कि उमेश पाल हत्याकांड से पहले डा. अखलाक लगातार अतीक अहमद से मिलने जेल जा रहा था।
उमेश पाल हत्याकांड में भी अखलाक को साजिश का आरोपित बनाया गया है। उसके बाद सीसीटीवी फुटेज से सामने आया कि उमेश पाल हत्याकांड को अंजाम देने के बाद बमबाज गुड्डू और अतीक का बेटा असद डाक्टर अखलाक के घर भवानी नगर में छिपा था। पुलिस की चौकसी बढऩे के बाद असद और गुड्डू चले गए। उसके बाद भी डाक्टर अखलाक इंटरनेट कालिंग के जरिए उनके संपर्क में था। बाकायदा उनकी आर्थिक मदद भी कर रहा था।