
Umesh Pal Murder Case: प्रयागराज। उमेश पाल हत्याकांड में शामिल माफिया डॉन अतीक का पूरा गैंग कोड वर्ड पर चलता था। उसके गैंग में काम करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को उसके वास्तविक नाम से नहीं बुलाया जाता था, बल्कि सभी को शार्ट कोड वर्ड से बुलाया जाता था। अतीक को बड़े और उसके भाई अशरफ को छोटे के नाम से बुलाया जाता था। इसके अलावा अतीक की पत्नी को गॉड मदर के नाम से पुकारा जाता था। अतीक के छोटे बेटे असद और गुलाम का एनकाउंटर होने के बाद अब यूपी स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) को मुर्गी की तलाश है। कौन है ये मुर्गी और कैसे पड़ा उसका यह नाम, जानिए यहां...
आपको बता दें कि अतीक के गैंग में काम करने वाले शूटर गुड्डू मुस्लिम को ही मुर्गी के नाम से बुलाया जाता है। अतीक की पत्नी शाइस्ता को पहले गॉड मदर कहकर पुकारा जाता था, लेकिन अब उसे सांईबाबा कोड वर्ड दिया गया। एसटीएफ को मुर्गी और सांईबाबा की तलाश है।
बॉलीवुड फिल्म तेरे नाम में सलमान खान ने बड़े बाल रखे थे, असद भी उसी स्टाइल में लंबे बाल रखता था। फिल्म में सलमान खान ने राधे का किरदार निभाया था, इस वजह से असद का कोड वर्ड 'राधे' रखा गया था। वहीं, मोहम्मद गुलाम को रात में जागने की आदत थी, जिस वजह से उसे 'उल्लू' कोड वर्ड या कोड नेम दिया गया था। मोहम्मद को अतीक का खास गुर्गा कहा जाता था।
अतीक अहमद बड़े और अशरफ को छोटे कहकर बात करते थे। उमेश पाल हत्याकांड की साजिश के दौरान गुजरात की साबरमती जेल में बंद माफिया अतीक अहमद को 'बड़े' नाम दिया गया था। इसी तरह यूपी की बरेली जेल में बंद अतीक अहमद के भाई खालिद अजीम उर्फ अशरफ को 'छोटे' कोड वर्ड दिया गया था।
गुड्डू मुस्लिम को मुर्गी का कोड इसलिए दिया गया था क्योंकि वह अतीक के घर के पास ही चिकन शॉप चलाता था। गुड्डू मुस्लिम को लेकर कहा जाता है कि वह बम मारकर लोगों की हत्या करता था।
शूटर अरमान बिहार के सासाराम का रहने वाला था, इसलिए उसे 'बिहारी कोड दिया गया। शूटर विजय चौधरी का नाम 'उस्मान' रखा गया था।