
UP Alert : पिछले दिनों उत्तर प्रदेश में हुए दंगों के बाद यूपी सरकार अब बकरीद पर बेहद ही गंभीर नजर आ रही है। बकरीद को लेकर योगी सरकार पूरी तरह से अलर्ट नजर आ रही है। किसी भी तरह से शांति भंग न हो, इसके लिए पुलिस कमिश्नर और सभी जनपदों के एसएसपी को खास निर्देश दिए गए है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बकरीद पर कुर्बानी का फोटो सोशल मीडिया पर वायरल नहीं होना चाहिए, किसी भी धर्म विशेष कोई टिप्पणी करके धार्मिक भावना भड़काने का काम किया गया तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया जाएगा। इसके अलावा बकरीद पर कुर्बानी वाले स्थलों के अलावा अन्य स्थलों पर ड्रोन कैमरों से नजर रखी जाएगी।
उत्तर प्रदेश शासन की ओर से बकरीद, कांवड़ यात्रा और सावन को लेकर गाइड लाइन जारी की गई है। इस गाइन लाइन में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली धर्म से जुड़ी हर फोटो और कमेंट पर नजर रखें। समय रहते उनका खंडन किया जाए। साथ ही धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाली पोस्ट पर एक्शन लिया जाए। कुर्बानी से जुड़ी फोटो पर रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
प्रदेश के सभी कमिश्नर से लेकर एसएसपी को निर्देश दिए गए हैं कि खुले में कुर्बानी न हो। सड़क और नाली में खून नहीं दिखना चाहिए। कुर्बानी के बाद अपशिष्ट को जल्द से जल्द बंद वाहनों से ले जाकर निस्तारण करें।
उत्तर प्रदेश में त्योहार के दौरान शस्त्रों का प्रदर्शन भी नहीं होगा। शरारत से भरे बयान देने वालों से जीरो टॉलरेंस की नीति से निपटने के लिए पुलिस लगातार गश्त करेगी। किसी संवेदनशील सूचना पर जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खुद मौके पर जाएंगे। माहौल खराब करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
बकरीद पर सभी जिलों में संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन से नजर रखी जाएगी। किसी भी दशा में कोई नई धार्मिक परंपरा को शुरू नहीं किया जाएगा। थाना, सर्किल, जिला, रेंज, जोन, मंडल स्तर पर तैनात वरिष्ठ अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में गश्त करेंगे। बकरीद पर कुर्बानी तय स्थानों पर होगी। प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी करने पर कड़ी कार्रवाई होगी।