
UP Board Result 2023: यूपी में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के परिणाम 25 अप्रैल 2023 (मंगलवार) को जाारी किए जाएंगे। सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद ने पत्र जारी कर इस बात की जानकारी दी है। बोर्ड सचिव दिव्यकान्त शुक्ला के मुताबिक बोर्ड का परिणाम 25 अप्रैल को दोपहर डेढ़ बजे प्रयागराज स्थित मुख्यालय से जारी होगा। इस बार की बोर्ड परीक्षा में करीब 58 लाख विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था।
आपको बता दें कि इस साल 58 लाख 85 हजार 745 छात्रों ने हाई स्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था, जिसमें 31 लाख 16 हजार 487 कक्षा 10 के छात्र और 27 लाख 69 हजार 258 कक्षा 12 के छात्र शामिल थे। मूल्यांकन प्रक्रिया 18 मार्च को शुरू हुई थी और एक अप्रैल को समाप्त हुई थी।
यूपी बोर्ड हाईस्कूल की 1.86 करोड़ कॉपियों की चेकिंग के लिए 89,698 परीक्षक नियुक्त थे। बोर्ड ने इस वर्ष तय समय से पहले कॉपी चेकिंग का काम पूरा कर रिकॉर्ड बनाया है। कॉपियों की चेकिंग 1 अप्रैल को पूरी होनी थी मगर बोर्ड ने 1 दिन पहले ही मूल्यांकन कार्य पूर्ण कर लिया।
स्टूडेंट्स अपने एग्जाम रोल नंबर की मदद से अपनी ई-मार्कशीट डाउनलोड कर सकेंगे। हालांकि छात्रों को ओरिजनल मार्कशीट उनके स्कूल से ही फिजिकल मोड में मिलेगी।
यहां देखें अपना रिजल्ट
छात्र अपना परिक्षा परिणाम upmsp.edu.in और upresults.nic.in पर देख सकेंगे।