UP Crime News : यूपी में बेमानी लगने लगा है ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का नारा
Slogan of 'Beti Bachao-Beti Padhao' seems redundant in UP
भारत
RP Raghuvanshi
18 Sep 2022 07:02 PM
(Badaun : बदायूं। बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ का नारा अब यूपी में बेमानी लगने लगा है। प्रदेश में हर दिन किसी न किसी मासूम की अस्मत रौंदी जा रही है। अभी लखीमपुर खीरी में दो सगी दलित बहनों के अपहरण, रेप और हत्या का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि बदायूं में एक किशोरी की हत्या ने कानून-व्यवस्था को सवालों के कटघरे में खड़ा कर दिया है। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी ओपी सिंह ने बताया कि आरोपी जितेंद्र यादव रेलवे स्टेशन के पास मिठाई की दुकान चलाने के साथ ही बिजली विभाग में संविदा पर काम करता है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना की रात 15 वर्षीय किशोरी उसके दुकान के सामने से गुजर रही थी। वह उसे को घर छोड़ने के बहाने झाड़ियों की तरफ ले गया और रेप करने के बाद हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने फैजगंज बेहटा थानाक्षेत्र से किशोरी का शव बरामद किया है।
दूसरी ओर, परिजनों ने रेप के बाद हत्या की आशंका जताई है। परिजनों के मुताबिक किशोरी शनिवार को आसफपुर रेलवे पर किसी कार्य से गयी थी। देर तक वापस न आने पर उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। आखिर, रविवार की सुबह उसका शव मिला। परिजनों का आरोप है कि घटना स्थल से गांव की दूरी सिर्फ एक किलोमीटर है, फिर भी पुलिस ने परिजनों को जानकारी दिए बिना शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला है कि सांस की नली में मिट्टी थी। शरीर पर चोट के भी कई निशान हैं। पुलिस ने रेप के बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएसपी ओपी सिंह ने बताया कि आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया है।