
UP Election 2022 : उत्तर प्रदेश (UP Election 2022) में तीसरे चरण का मतदान 20 फरवरी को होना है। इसके बाद 23 फरवरी को चौथे चरण (UP Election 2022) का मतदान होगा। चौथे चरण के लिए कुल 621 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। चौथे चरण के मतदान के लिए जो उम्मीदवार मैदान में हैं उनमे 27 प्रतिशत उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले चल रहे हैं। यानि 621 उम्मीदवारों में से 167 उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जिन 167 उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं उनमे से 21 प्रतिशत के खिलाफ गंभीर आपराधिक केस दर्ज हैं। जिन प्रत्याशियों के खिलाफ अपराधिक केस दर्ज हैं, उन्हें टिकट देने में सपा पहले नंबर पर है, कांग्रेस दूसरे और बसपा तीसरे नंबर पर है। चौथे चरण के मतदान में कुल 59 सीटों मे से 29 सीटें संवेदनशील हैं।
चौथे चरण में उम्मीदवारों की संपत्ति की बात करें तो कई करोड़पति उम्मीदवार मैदान में हैं। चौथे चरण में 231 उम्मीदवार करोड़पति हैं। चौथे चरण के लिए कुल 91 महिला उम्मीदवार भी मैदान में हैं। उम्मीदवारों के शपथ पत्र का विश्लेषण करने के बाद पता चला है कि चौथे चरण में 621 उम्मीदवारों में से 167 के खिलाफ आपराधिक मामले हैं। चौथे चरण में कांग्रेस ने 58 में से 31, सपा ने 57 में से 30 दागी उम्मीदवारों को टिकट दिया है जिनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज है। वहीं बसपा ने 59 में से 26 दागी उम्मीदवारों को टिकट दिया है। भाजपा ने 57 में से 23, आप ने 45 में से 11 उम्मीदवार को टिकट दिया है जिनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज है। दो उम्मीदवारों ने जानकारी दी है कि उनके खिलाफ महिलाओं के खिलाफ अत्याचार का केस दर्ज है। पांच उम्मीदवारों ने बताया है कि उनके खिलाफ हत्या का केस दर्ज है। 14 के खिलाफ हत्या की कोशिश का केस दर्ज है।
सबसे अमीर उम्मीदवारों की बात करें तो भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार सबसे आगे हैं। वहीं इस लिस्ट में सपा दूसरे पायदान पर है और बसपा तीसरे स्थान पर है। भाजपा के 57 मे से 48 उम्मीदवार करोड़पति हैं, जबकि सपा के 48, बसपा के 44, कांग्रेस के 28 और आप के 16 उम्मीदवार करोड़पति हैं। इन उम्मीदवारों ने अपनी संपत्ति एक करोड़ रुपए से अधिक घोषित की है। चौथे चरण में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार राजीव बख्श सिंह सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। उनके पास कुल 56 करोड़ रुपए की संपत्ति है। चौथे चरण में उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 2.46 करोड़ है। दूसरे पायदान पर सपा के उम्मीदवार अनूप कुमार गुप्ता हैं, उनकी संपत्ति 52 करोड़ है। तीसरे नंबर पर बसपा उम्मीदवार शोभित पाठक हैं उनके पास 34 करोड़ की संपत्ति है।
शिक्षित उम्मीदवारों की बात करें तो चौथे चरण में 9 उम्मीदवार अनपढ़ हैं। चौथे चरण के लिए 30 उमीदवारों ने अपनी सैक्षिक योग्यता साक्षर बताई है। 201 उम्मीदवार पांचवी से 12वीं तक पढ़े हैं या फिर उनके पास डिप्लोमा है। 375 उम्मीदवार गैजुएट हैं। इस चरण मे 223 उम्मीदवारों की उम्र 25 साल से अधिक है। 336 उम्मीदवारों की उम्र 40 साल से अधिक है। 62 उम्मीदवारों की उम्र 61 साल से अधिक है।