UP Election 2022:नोएडा के सियासी दंगल में 13 पहलवान ही लड़ेंगे चुनाव
भारत
चेतना मंच
25 Jan 2022 07:23 PM
Noida नोएडा। नोएडा विधानसभा क्षेत्र (Noida Assembly Constituency) के सियासी दंगल में अब 13 पहलवान ही लड़ेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने नोएडा से 10 प्रत्याशियों के नामांकन निरस्त कर दिये थे। इसी तरह दादरी विधानसभा क्षेत्र में दो तथा जेवर विधानसभा क्षेत्र में एक प्रत्याशी का नामांकन निरस्त कर दिया गया। जनपद की तीनों विधानसभाओं से 52 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन किया गया था, जिसमें विधानसभा नोएडा के 23, विधानसभा दादरी के 16 तथा विधानसभा जेवर के 13 उम्मीदवार सम्मिलित थे। नाम निर्देशनों की जांच प्रक्रिया में कुल 13 उम्मीदवारों का नामांकन प्रपत्र निरस्त किया गया, जिसमें विधानसभा नोएडा से सर्व समाज पार्टी के संजीव कुमार गोस्वामी, शिवसेना के राजकुमार अग्रवाल, भारतीय महासंघ पार्टी के घनश्याम, पब्लिक पॉलीटिकल पार्टी के दीपमाला श्रीवास्तव, भारतीय इंसान पार्टी के किशोर सिंह, अल हिंद पार्टी के डिबलू सिंह चौधरी, भारतीय जन जागृति पार्टी के कुश कुमार श्रीवास्तव व निर्दलीय संजय शर्मा, सुनील कुमार, अर्पणा शर्मा कि नामांकन प्रपत्र में कमी पाए जाने के कारण नामांकन प्रपत्र निरस्त किए गए।
दादरी विधानसभा (Dadri Assembly) से जन अधिकार पार्टी से वीरेंद्र सिंह प्रजापति के नामांकन प्रपत्र में नोटरी ना होने के कारण एवं राष्ट्रीय आम जन सेवा पार्टी से यूनुस का नामांकन प्रपत्र सही ना भरा होने के कारण निरस्त किया गया। इसी प्रकार विधानसभा जेवर से भारतीय जन जागृति पार्टी से मनोज राज का नामांकन प्रपत्र में हस्ताक्षर एवं प्रस्तावकों के हस्ताक्षर न होने के कारण नामांकन प्रपत्र निरस्त किया गया।