UP Election 2022: नोएडा की जनता ने ऐतिहासिक जीत का मन बना लिया है: पंकज सिंह
भारत
RP Raghuvanshi
02 Feb 2022 07:33 PM
Noida : नोएडा। नोएडा विधानसभा क्षेत्र (Noida Assembly Constituency)से भारतीय जनता पार्टी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। जीत का आंकड़ा कितना पार होगा यह तो क्षेत्र की प्रबुद्ध जनता ही तय करेगी। यह बात कही नोएडा विधानसभा क्षेत्र विधायक व भाजपा प्रत्याशी पंकज सिंह ने। वे कल सेक्टर-4 में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे ।पंकज सिंह ने कहा कि अपने विकास कार्यों के बूते इस बार भाजपा प्रदेश में 300-350 के आंकड़े को पार करेगी। पश्चिमी उप्र में पहले चरण में होने वाले चुनाव की बयार 350 के पार के साथ शुरू होगी जो पूरे प्रदेश में बहेगी। उन्होंने कहा कि जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की डबल इंजन की सरकार से बेहद खुश है।
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि पिछले पांच वर्षों में क्षेत्र के किसानों, श्रमिकों समेत हर वर्ग की कई समस्याओं का समाधान उन्होंने कराया है। प्राधिकरण, प्रशासन तथा शासन स्तर पर समस्याएं सुलझाई गई। कोरोना काल समेत हर आफत में सपा, बसपा व कांग्रेस के नेता क्षेत्र छोड़कर बाहर पलायन कर गये सिर्फ भाजपा ही उनके दु:ख के वक्त खड़ी रही तथा हर व्यवस्था की। इसलिए क्षेत्र की जनता सभी विपक्षी दलों को इस चुनाव में आइना दिखाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की मातृ शक्ति, किसानों, व्यापारी, श्रमिकों, युवाओं समेत हर वर्ग का उन्हें व्यापक प्यार, समर्थन तथा आशीर्वाद मिल रहा है। इसलिए कह सकता हूं कि नोएडा से भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। जतना ने अपना मन पूरी तरह से बना लिया है अब जनता किसी के बहकावे में आने वाली नहीं है।
पत्रकार वार्ता में महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, प्रभारी बसंत त्यागी, कोषाध्यक्ष विनोद शर्मा, मीडिया प्रभारी तन्मय शंकर, धर्मेन्द्र गुप्ता आदि कई पदाधिकारी मौजूद थे। इस दौरान भाजपा अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा कि नोएडा सीट पर 2 लाख से अधिक वोटों से पंकज सिंह चुनाव जीत रहे हैं।
कल डोर-टू-डोर प्रचार करेंगे अमित शाह
नोएडा। कल 3 फरवरी को भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा देश के गृहमंत्री तथ वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह नोएडा विधानसभा क्षेत्र में डूर-टू-डोर प्रचार करेंगे। वे नोएडा के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को सरकार की उपलब्धियां बताएंगे तथा उनसे भाजपा के पक्ष में वोट मांगेगे। यह जानकारी महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने दी।