UP Election 2022: 31 जनवरी को प्रधानमंत्री मोदी करेंगे वर्चुवल रैली
PM Modi address to nation
भारत
चेतना मंच
29 Jan 2022 08:07 PM
नई दिल्ली (राष्ट्रीय ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश में चुनावी सरगर्मी तेज हो चुकी है। राजनीतिक दलों ने प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी भाजपा की जीत के लिए प्रचार अभियान का फिर से आगाज करने जा रहे हैं। वे 31 जनवरी को वर्चुवल रैली के माध्यम से पश्चिमी यूपी के लोगों को संबोधित करेंगे। जहां भाजपा की प्रतिष्ठा दाव पर लगी है। अमित शाह सहित पार्टी के तमाम दिग्गज पहले से ही हालात को संभालने के लिए मोर्चा संभाले हुए हैं। पीएम मोदी(PM Modi) की 31 जनवरी की रैली में पश्चिम यूपी के पांच जिलों सहारनपुर, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर और गौतमबुद्धनगर की 21 विधानसभा सीटों को कवर किया जाएगा। उनके भाषण को सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्म पर सीधा प्रसारित किया जाएगा।
भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री की वर्चुवल रैली के लिए भाजपा हर मंडल में जगह-जगह एलईडी स्क्रीन लगाएगी। एक एलईडी स्क्रीन पर लगभग 500 लोगों को लाने का लक्ष्य तय किया गया है। एलईडी स्क्रीन के जरिए पार्टी एक वर्चुवल रैली में तकरीबन 50 हजार लोगों को जोडऩे की तैयारी कर रही है।सनद रहे कि कोरोना के चलते चुनाव आयोग ने 31 जनवरी तक रैलियों व रोड शो पर रोक लगा रखी है। माना जा रहा है कि अगर कोरोना के मामले में गिरावट जारी रही तो 31 जनवरी के बाद यह प्रतिबंध खत्म किया जा सकता है। वहीं अमित शाह लगातार पश्चिम यूपी के दौरे पर हैं और प्रभावी मतदाता संवाद के जरिए लोगों से जुड़कर उनसे भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं।