UP Election 2022 : तुगलपुर प्रकरण बना चर्चा का विषय
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 12:09 PM
Dadri / Greater Noida : दादरी/ग्रेटर नोएडा। दादरी विधानसभा सीट (Dadri Assembly Seat) पर भाजपा प्रत्याशी की मदद करने आए केन्द्रीय गृह मंत्री व भाजपा नेता अमित शाह का दौरा चर्चा का विषय बना हुआ है। विश्लेषकों का साफ मत है कि इस दौरे में तुगलपुर गांव में हुए विवाद भाजपा प्रत्याशी का फायदा करने की बजाय नुकसानदेह साबित हुआ है। सब जानते हैं कि भाजपा के चाणक्य कहे जाने वाले केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह कल तुगलपुर गांव में प्रचार करने आए थे। इसी गांव में भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष तेजा गुर्जर का आवास है। श्री गुर्जर सुबह से ही अपने आवास पर श्री शाह के स्वागत की तैयारियों में व्यस्त थे। उनके साथ उनके समधी भाजपा के वरिष्ठ नेता बिजेन्द्र भाटी भी स्वागत के लिए तत्पर थे। दोपहर बाद श्री शाह गांव में तो आए किन्तु तेजा गुर्जर के आवास पर जाने की बजाय गांव में सांाकेतिक रूप से वोटों के लिए पर्चे बांटकर आगे निकल गए। इसी बीच तेजा गुर्जर व उनके समर्थकों में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते क्षेत्रीय सांसद डा. महेश शर्मा के विरूद्ध नारे लगने लगे। यह हंगामा काफी देर तक चला। तेजा गुर्जर का कहना था कि वे श्री शाह से गांव के बगल में स्थित गुर्जर शोध संस्थान में लगी स्व. हुकुम सिंह की मूर्ति पर मल्यार्पण कराकर गुर्जर समाज को एक सकारात्मक संदेश देना चाहते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि गृहमंत्री अमित शाह के कार्यक्रम की देखरेख कर रहे लोगों ने साजिश के तहत माल्यार्पण का कार्यक्रम नहीं होने दिया।
उक्त घटनाक्रम पूरे दादरी विधानसभा क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां से भाजपा प्रत्याशी तेजपाल नागर व क्षेत्रीय सांसद डा. महेश शर्मा के समर्थक आरोप लगा रहे हैं कि 'स्व. हुकुम सिंह की मूर्ति पर माल्यार्पण की बात तो मात्र एक बहाना है। बवाल करने वालों का तो कहीं और ही निशाना है।
उनका कहना है कि दरअसल नेताजी (तेजा गुर्जर) गृहमंत्री को अपने घर पर बुलाना चाहते थे। उनके घर पर ना जाने के कारण यह पूरा 'बवाल किया गया। उधर तेजा गुर्जर साफ-साफ बोल रहे हैं कि स्व. बाबू हुकुम सिंह गुर्जर समाज के सम्मान का प्रतीक हैं। तुगलपुर गांव की जमीन पर ही गुर्जर शोध संस्थान में उनकी मूर्ति स्थापित है। गृहमंत्री जी वहां माल्यार्पण करते तो समाज में सकारात्मक संदेश जाता। उनका आरोप है कि कार्यक्रम की देख-रेख कर रहे सांसद डा. महेश शर्मा ने ऐसा नहीं होने दिया। इस आरोप के दौरान उन्होंने राज्यसभा सांसद सुरेन्द्र नागर का नाम नहीं लिया।
इस विषय में पूछे जाने पर सांसद डा. महेश शर्मा ने चेतना मंच से कहा कि गृहमंत्री अमित शाह (Home Minister Amit Shah) का पूरा दौरा बेहद शानदार था। इस दौरे का बेहद सकारात्मक संदेश पूरे प्रदेश में गया है। दौरे के दौरान कुछ लोगों ने अपने निहित स्वार्थों के कारण अनुशासनहीनता की है। उन्होंने इसकी शिकायत पार्टी नेतृत्व से करते हुए अनुशासनहीन कार्यकर्ताओं पर लगाम लगाने की मांग की है।
यह पूरा घटना क्रम दादरी विधानसभा क्षेत्र समेत पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। राजनीतिक विश्लेषकों का मत है कि पहले से ही गुर्जर समाज का विरोध झेल रहे दादरी से भाजपा प्रत्याशी तेजपाल नागर को इस घटनाक्रम का खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। भाजपा के नेता पूरे प्रकरण के डैमेज कंट्रोल में जुट गए हैं। यह देखना बेहद दिलचस्प होगा कि चुनाव में इस प्रकरण का कितना असर पड़ता है।
सफल दौरागृहमंत्री अमित शाह का पूरा दौरा बेहद शानदार था। इस दौरे का बेहद सकारात्मक संदेश पूरे प्रदेश में गया है। दौरे के दौरान कुछ लोगों ने अपने निहित स्वार्थों के कारण अनुशासनहीनता की है। उन्होंने इसकी शिकायत पार्टी नेतृत्व से करते हुए अनुशासनहीन कार्यकर्ताओं पर लगाम लगाने की मांग की है।डा. महेश शर्मा, सांसद , गौतमबुद्घनगर