Up Election 2022 : 2017 के बाद से यूपी की तस्वीर बदली: योगी
भारत
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 07:17 PM
भारत
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 07:17 PM
Gorakhpur: गोरखपुर (एजेंसी)। गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी योगी आदित्यनाथ आज सुबह श्रीश्री गोपाल मंदिर मोहद्दीपुर में दर्शन-पूजन करने पहुंचे। इस दौरान लोगों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद सीएम योगी ने मोहद्दीपुर गुरुद्वारा में मथा टेक कर सिख समाज से समर्थन मांगा। मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन में कहा कि 2017 के बाद से यूपी की तस्वीर बदल गई है। पहले कारोबारी यूपी से पलायन कर रहे थे। अब यूपी में कानून सुरक्षा व्यवस्था लागू हो गया है। यहां लोग सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। हमारी सरकार हर वर्ग का विशेष ध्यान दे रही है। कहा कि पिछली सरकार बस अपना विकास कर रही थी, अब राज्य सहित देश का विकास हो रहा है। हर क्षेत्र में यूपी ने विकास किया है। इस दौरान सीएम योगी मतदाताओं से कहा कि खाने में लापरवाही हो सकती है लेकिन वोट देने में कोई लापहरवाही नहीं होनी चाहिए। सीएम योगी ने सिख समाज के डॉ हरीश कुमार अरोड़ा, हरमीत सिंह, पूनम भाटिया और दीपक कक्कड़ के घर समर्थन मांगा। वहीं मोहद्दीपुर गुरुद्वारा समिति के सचिव मनमोहन सिंह लाडे, दीप कक्कड़, कन्हैया भाटिया, डॉ हरीश अरोड़ा और हरिवंश छतवाल घर-घर जाकर भाजपा के लिए समर्थन मांग रहे हैं।
आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यच जेपी नड्डा नोएडा में
नोएडा। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज शाम नोएडा में चुनावी प्रचार करेंगे तथा मतदाताओं एवं कार्यकर्ताओं संग संवाद करेंगे। यह जानकारी भाजपा के मीडिया प्रभारी तन्मय शंकर ने दी।
उन्होंने कहा कि जेपी नड्डा शाम को बरीब 5.30 बजे नोएडा के सेक्टर-12 में डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर वोट मांगेंगे तथा शाम 5.50 बजे सेक्टर-12 स्थित भावराव देवरस इंटर कॉलेज में मतदाताओं तथा कार्यकर्ताओं संग संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में भाजपा के प्रत्याशी पंकज सिंह के अलावा सांसद डा. महेश शर्मा, महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता व सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता रहेंगे।
योगी के खिलाफ लड़ेंगे ख्वाजा समसुद्दीनबसपा ने 54 उम्मीदवारों की सूची की जारी
लखनऊ (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर आज बहुजन समाज पार्टी ने 10 जिलों की 54 विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। इनमें 11 ब्राह्मण, सात मुस्लिम प्रत्याशियों को टिकट दिया गया है।
गोरखपुर शहर सीट से भाजपा प्रत्याशी सीएम योगी आदित्यनाथ के खिलाफ बसपा ने ख्वाजा समसुद्दीन को चुनाव मैदान में उतारा है। गोरखपुर देहात से दारा सिंह निषाद को मैदान में उतारा है।
बसपा ने बलरामपुर जिले की चारों सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। तुलसीपुर सीट से राजेंद्र प्रसाद वर्मा को टिकट दिया गया है। गैसडी़ सीट से पूर्व विधायक अलाउद्दीन खां को प्रत्याशी बनाया गया है। अलाउद्दीन खां 2017 के चुनाव मे इसी सीट से रनर प्रत्याशी रहें है। उतरौला सीट पार्टी ने रामप्रताप वर्मा को चुनाव मैदान मे उतारा है। बलरामपुर सदर सुरक्षित सीट से पूर्व जिलाध्यक्ष हरिराम बौद्ध को प्रत्याशी बनाए गया है।
विधानसभा चुनाव में बसपा ने अम्बेडकरनगर जिले की सभी पांच सीट पर प्रत्याशियों की अधिकृत सूची जारी कर दी है। इनमें उन्हीं नामों को स्थान मिला है जिनकी घोषणा पूर्व में स्थानीय संगठन द्वारा की जा चुकी है। सूची के अनुसार अकबरपुर से चंद्र प्रकाश वर्मा, आलापुर से केसरा देवी, टांडा से शबाना खातून, कटेहरी से प्रतीक पांडेय और जलालपुर से राजेश सिंह को चुनाव लड़ाया जाएगा।
बता दें कि इनमें से अकबरपुर नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष चंद्रप्रकाश ने बीता विधानसभा चुनाव बीजेपी के टिकट पर अकबरपुर से लड़ा था जबकि जलालपुर से टिकट पाए राजेश सिंह भी गत चुनाव में बीजेपी के प्रत्याशी थे। प्रतीक भी बीजेपी छोड़कर बसपा से लड़ रहे हैं जबकि शबाना ने सपा से टिकट न मिलने के बाद पिछले ही दिनों बसपा की सदस्यता ली थी। वे किछौछा नगर पंचायत की मौजूदा चेयरमैन हैं। आलापुर की बसपा प्रत्याशी केसरा एक आईपीएस की मां हैं