
UP Elections यूपी में विधानसभा चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। प्रथम चरण के चुनाव के लिए आज से नामांकरण प्रक्रिया भी शुरु हो गई है। वहीं कुछ लोग इस मौके का फायदा भी उठा रहे हैं। नामचीन पार्टी का टिकट दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी का एक मामला यूपी के हापुड़ से सामने आया है, जहां पर एक सेवानिवृत्त सीओ से विधानसभा चुनाव के लिए सपा का टिकट दिलाने के नाम पर 50 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मेरठ के शास्त्रीनगर निवासी रिटायर्ड सीओ सहंसरपाल गाजियाबाद सदर सीट से विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे थे। वह सपा से टिकट की दावेदारी कर रहे थे। ऐसे में वह लगातार जनसम्पर्क कर चुनाव की तैयारी में जुटे थे। इस बीच हापुड़ निवासी एक महिला ने खुद को सपा नेता बताते हुए उनसे टिकट दिलाने की बात कही। आरोपी महिला द्वारा कई बार उन्हें फोन भी किया गया। जिस पर सहंगसर पाल महिला के झाँसे में आ गए और उन्होंने उसको रुपये दे दिए।
[caption id="attachment_15081" align="alignnone" width="312"]
UP Elections[/caption]
पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला द्वारा और उसके पति ने उनसे टिकट दिलाने के एवज में 50 लाख रुपये ले लिए। ये रुपया उन्होंने आरटीजीएस के माध्यम से आरोपियों के खाते में ट्रांसफर किए। उन्होंने 20, लाख रुपये अपने खाते से और 30 लाख रुपये अपनी पत्नी के खाते से आरोपियों के खाते में ट्रांसफर किए। लेकिन रुपये लेने के बाद भी उनको टिकट नहीं मिला।
पुलिस के अनुसार उनके द्वारा खाते में रुपए डाल दिए गए। जिसके बाद आरोपी महिला ने फोन उठाना बंद कर दिया तो उन्हें कुछ शक हुआ। जिस पर उन्होंने बैंक जाकर मामले की जांच पड़ताल की तो उनका शक सही साबित हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस की शरण ली। कोतवाली में तहरीर देकर महिला दंपति सहित एक अन्य महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले में जाँच पड़ताल शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी सोमवीर सिंह ने बताया कि इस मामले में तीन लोगों खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। जाँच पड़ताल कर आरोपियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।