
UP Elections : चुनाव में वोट मांगने के लिए नेता कोई भी मौका नहीं छोड़ना चाहते हैं। ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के कानपुर से सामने आया है, जब विधायक वोट मांगने के लिए एक नहाते हुए शख्स के सामने जाकर खड़े हो गए। अब बेचारा वोटर कभी नेताजी को देखता है और कभी अपने अर्धनग्न शरीर को। नेताजी उससे बातें करते हैं तो वो केवल हां हां ही कर पाता है।
कानपुर के इन विधायक के वोट मांगने का यह अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कानपुर से भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी लोगों के घर जाकर वोट मांगते हुए दिखाई दे रहे हैं। हाल ही में भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी अपनी विधानसभा सीट पर प्रचार करते हुए दिखाई दिए। जिसमें से उनका एक वीडियो चर्चा में आ गया, जिसमें वह नहाते हुए शख्स से वोट की अपील कर रहे हैं। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स नहा रहा है और उसी वक्त भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंच जाते हैं। विधायक सुरेंद्र मैथानी शख्स से पूछते हैं, ''क्या सब ठीक है? आपका घर सफलतापूर्वक बना या नहीं? आपके राशन कार्ड है ना?'' नेता के सवालों का जवाब नहाते हुए शख्स सिर हिलाकर बस हां में दे रहा है।
विधायक सुरेंद्र मैथानी ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर नहाते हुए शख्स से बात करते हुए तस्वीर भी पोस्ट की है। तस्वीर को पोस्ट कर लिखा है, '' निशुल्क आवास योजना के लाभार्थी राजू जी के घर गया। मैंने उन्हें आवास योजना से अपना निजी घर बनने का सपना पूर्ण होने की बधाई दी। मैंने उनसे आग्रह किया कि कमल का बटन दबाकर मुझे अपना आशीर्वाद विधायक के रुप में दे। उन्होंने मुझे पुनः विधायक बनने का आशीर्वाद दिया है।''
https://twitter.com/IamShyamTyagi/status/1481813610028363777?ref_src=twsrc%5Etfw%7Ctwcamp%5Etweetembed%7Ctwterm%5E1481813610028363777%7Ctwgr%5E%7Ctwcon%5Es1_c10&ref_url=https%3A%2F%2Fhindi.oneindia.com%2Fnews%2Futtar-pradesh%2Fup-poll-campaigning-bjp-mla-surendra-maithani-ask-for-vote-when-man-bathing-video-goes-viral-658267.htmlविधायक सुरेंद्र मैथानी का ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो पर एक शख्स ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा है, 'नहाने-धोने तो दो नेता जी...'। वहीं एक शख्स ने लिखा है, अरे, नहा तो लेने देते,.....। एक यूजर ने कहा, ''अब नेता को खुद नहीं पता कितना विकास हुआ है, उसको खुद ही जनता से पता करना पड़ता है, वह भी किसी के नहाने के समय।'' एक ने लिखा है, ये नेता सुधरेंगे नहीं।