
UP Nagar Nikay chunav लखनऊ। यूपी नगर निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए वोटिंग पूरी हो चुकी है। नौ मण्डलों के 37 जिलों में हुए मतदान में शहरी वोटरों की उदासीनता से करीब 50 प्रतिशत मतदान हुआ। कुछ स्थानों पर छिटपुट झड़प भी हुई। वोटर लिस्ट में नाम नहीं होने की शिकायतें आम रहीं। चंदौली में एक वार्ड में भाजपा प्रत्याशी का ही नाम बैलेट पेपर से गायब रहने पर हंगाम हुआ।
सबसे ज्यादा सहारनपुर और सबसे कम मतदान प्रयागराज में रिकॉर्ड किया गया है। हालांकि अभी अंतिम मतदान प्रतिशत आना बाकि है। कुछ स्थानों पर शाम छह बजे के बाद तक लोग लाइन में लगे थे। ऐसे में कुछ मतदान प्रतिशत बढ़ भी सकता है।
पहले चरण में 10 नगर निगम, 104 नगर पालिका परिषद और 276 नगर पंचायत के लिए वोटिंग हुई है। मैनपुरी में बूथ पर मारपीट और हंगामा हुआ। अमरोहा में फर्जी वोटिंग के विरोध में पथराव हुआ। हंगामे और पथराव में 12 लोग घायल हो गए। वाराणसी में वोटरों को साड़ी बांटने का आरोप लगा और हंगामा मचा।
समाजवादी पार्टी (सपा) ने प्रदेश के मुरादाबाद और सहारनपुर जिलों में कई स्थानों पर मतदान में धांधली, मुस्लिम मतदाताओं को वोट देने से रोकने और पहचान पत्रों की जांच करने के नाम पर मतदाताओं को धमकाने का आरोप लगाया है।
सपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अरविंद कुमार सिंह ने राज्य निर्वाचन आयुक्त को लिखे पत्र में मुरादाबाद में पुलिस द्वारा पहचान पत्रों की जांच करने के नाम पर मतदाताओं को धमकाने का आरोप लगाते हुए आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।