UP News : उत्तर प्रदेश की पुलिस कमिश्नरियों में बड़ा बदलाव, दो कमिश्नर हटाए गए
UP Police
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 04:50 PM
Lucknow/ Noida: लखनऊ/ नोएडा। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बीती रात सात वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले करते हुए कानपुर व लखनऊ के पुलिस कमिश्नरों को हटा दिया है। इस बीच प्रदेश की तीसरी पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट में भी पुलिस अधिकारियों के कार्य क्षेत्र में व्यापक फेरबदल किया गया है।
प्रदेश सरकार ने कार्रवाई करते हुए लखनऊ के पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर (Lucknow Police Commissioner DK Thakur) को हटाकर उनके स्थान पर एस.बी. शिरोडकर (S.B. Shirodkar)को लखनऊ का पुलिस कमिश्नर बनाया है ,कानपुर नगर कमिश्नर के कमिश्नर विजय कुमार मीणा को हटाकर उनके स्थान पर बीपी जोगदंड को कमिश्नर की जिम्मेदारी दी गई है। लखनऊ व कानपुर के पुलिस कमिश्नर को अभी कहीं तैनाती नहीं दी गई है उन्हें प्रतीक्षारत सूची में रखा गया है। इनके अलावा पुलिस महानिदेशक होमगार्ड विजय कुमार को सीबीसीआईडी का महानिदेशक, सीबीसीआईडी के पुलिस महानिदेशक गोपाल लाल मीणा को पुलिस महानिदेशक को ऑपरेटिव सेल तथा पुलिस महानिदेशक लॉजिस्टिक विजय कुमार मौर्या को पुलिस महानिदेशक होमगार्ड के साथ-साथ लॉजिस्टिक की भी जिम्मेदारी दी गई है।
इस बीच तीसरी पुलिस कमिश्नरी यानि गौतम बुद्ध नगर कमिश्नर के पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने कमिश्नरेट पुलिस में बड़ा फेरबदल किया है। उन्होंने कमिश्नर के तीनों जोन के डीसीपी के कार्यक्षेत्र बदले हैं और एडीसीपी के कार्य क्षेत्रों में भी परिवर्तन किया है।
पुलिस कमिश्नर कार्यालय से जारी सूची के अनुसार सेंट्रल नोएडा जोन के डीसीपी हरीश चन्दर को नोएडा जोन का डीसीपी बनाया गया है।
नोएडा जोन के डीसीपी राजेश एस को सेन्ट्रल नोएडा जोन के डीसीपी का दायित्व दिया गया है। ग्रेटर नोएडा जोन की डीसीपी डॉ श्रीमती मीनाक्षी कात्यायन अब डीसीपी महिला सुरक्षा के दायित्वों का निर्वहन करेंगी।
डीसीपी अपराध अभिषेक वर्मा को ग्रेटर नोएडा जोन का डीसीपी बनाया गया है। हाल ही में तबादला हो कर आए डीसीपी राम बदन सिंह को डीसीपी मुख्यालय के साथ-साथ डीसीपी क्राइम की जिम्मेदारी दी गई है। वह पुलिस लाइन्स के कार्यों का भी पर्यवेक्षण करेंगे।
नोएडा जोन की एसीपी अंकिता शर्मा को सेंट्रल जोन नोएडा का एडीसीपी बनाया गया है। वह मुख्यालय, अभिसूचना एवं सुरक्षा, महिला सुरक्षा तथा पुलिस लाइन्स के दायित्वों का निर्वहन करेंगी। स्टाफ ऑफिसर आशुतोष द्विवेदी को नोएडा जोन के एडीसीपी की जिम्मेदारी दी गई है। नोएडा जोन के एडीसीपी रणविजय सिंह को एडीसीपी कानून-व्यवस्था, अपराध की जिम्मेदारी दी गई है।