
UP News / प्रयागराज। उमेश पाल हत्याकांड के बाद कुख्यात माफिया अतीक अहमद का नाम सबकी जुबान पर है। जब से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माफिया को मिट्टी में मिलाने की चेतावनी दी है, तब से सोशल मीडिया पर यूजर्स सवाल पूछ रहे हैं कि कब माफिया अतीक की कार पलटेगी ?
कानपुर देहात का बिकरु कांड को अंजाम देने वाला कुख्यात बदमाश विकास दुबे तो आपको याद ही होगा। जुलाई 2020 में हुए बिकरू कांड ने देश ही नहीं पूरी दुनिया में सुर्खियां बटोरी थी। बिकरु कांड का मुख्य आरोपी विकास दुबे 1990 के दशक में अपराध की दुनिया में दाखिल हुआ और 2020 तक उस पर 60 से आपराधिक मामले दर्ज हो चुके थे। 2001 में भाजपा नेता संतोष शुक्ला की हत्या में विकास दुबे मुख्य आरोपी थी। 3 जुलाई 2020 में विकास दुबे और उसके गुर्गों ने गांव में आई पुलिस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई थी। जिसमें पुलिस अधीक्षक देवेंद्र मिश्रा सहित 8 पुलिस कर्मी शहीद हो गए थे और 7 गंभीर रुप से घायल हुए थे।
जांच रिपोर्ट में यह बात सामने आई थी कि पुलिस अधीक्षक देवेंद्र मिश्रा का सर धड़ से अलग कर दिया गया था और उन पर कुल्हाड़ी से कई वार किए गए थे। पुलिस और शासन को चुनौती देने वाले इस कांड ने देश दुनिया को हिला दिया था। पुलिस कर्मियों की हत्या के बाद फरार विकास दुबे को 9 जुलाई 2020 को मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार के दौरान विकास दुबे ने अपना नाम चिल्ला चिल्लाकर बताया था।
10 जुलाई 2020 को यूपी पुलिस जब विकास दुबे को उज्जैन से कानपुर ला रही थी तो कानपुर के सचेंडी के पास पुलिस की गाड़ी पलट गई। इस दौरान विकास दुबे ने एक पुलिस कर्मी की पिस्टल छिनकर भागने का प्रयास किया, और पुलिस पर गोली चलाई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में विकास दुबे मारा गया था। बाद में इस मुठभेड़ की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश बीएस चौहान के नेतृत्व में जांच कमेटी बनी थी। जिसका परिणाम कोई खास नहीं निकल सका।
उमेश पाल हत्याकांड में कुख्यात माफिया अतीक अहमद नामजद है। प्रदेश सरकार गुजरात के साबरमती जेल में बंद अतीक अहमद को पूछताछ के लिए उत्तर प्रदेश लाने की तैयारी में है। इस खुलासे के बाद से सोशल मीडिया पर इन दिनों चर्चा तेज हो गई है कि गुजरात से यूपी लाते समय अतीक क्या विकास दुबे बनेगा ? क्या उसकी भी कार पलटेगी ? प्रदेश सरकार के एक मंत्री ने अपने एक बयान में इस बात का इशारा भी किया है।