
UP News : बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष के बहन की ससुराल में शुकवार रात को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के भाई ने अपने बहनोई और उसके भाई पर पीट- पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मुकदमा दर्ज करने की बात कह रही है।
बहराइच की कोतवाली नगर के अस्पताल चौराहा के पास भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरदार परविंदर सिंह रहते हैं। उनकी 32 वर्षीय बहन सिम्मी अरोरा उर्फ नैंसी की शादी कोतवाली नगर के मोहल्ला नौवा गढ़ी निवासी रंजीत सिंह से हुई थी। शुक्रवार को रात पति और पत्नी के बीच विवाद हो गया।
जिसके बाद सिम्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रात 11 बजे सूचना मिलने पर भाई के साथ माता और अन्य लोग बेटी की ससुराल पहुंचे। मौके पर महिला के शरीर पर चोट के निशान थे, साथ ही शव नीचे पड़ा देखा।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष ने बहन की मारपीट कर हत्या करने का आरोप जीजा रंजीत सिंह और जीजा के भाई अरजीत सिंह पर लगाया है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल आरके पांडेय ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मुकदमा दर्ज किया जायेगा।
मृतक महिला के भाई परविंदर सिंह ने बताया कि शुक्रवार को बहन घर पर ही थी। शनिवार को लखनऊ में आईपीएल मैच देखने के लिए जाना था। इसके लिए चार टिकट बहन ने मंगवाए थे। लेकिन रात में बहनोई ने हत्या कर दी।