
गोरखनाथ मंदिर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव परंपरागत रूप से धूमधाम से मनाया जाता है। यहां आयोजित समारोह में बतौर गोरक्षपीठाधीश्वर सम्मिलित होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार रात करीब साढ़े 9 बजे लखनऊ से गोरखपुर पहुंचे। गोरखनाथ मंदिर आगमन के पश्चात वह महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार में भजन कार्यक्रम शामिल हुए। यह कार्यक्रम सुपरिचित लोक गायक उत्तर डॉ. राकेश श्रीवास्तव के संयोजन में शाम से ही शुरू था। राकेश श्रीवास्तव व उनकी टीम के सदस्यों के अलावा सांसद रविकिशन शुक्ल ने भी झूम झूमकर श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी और अच्युतम केशवम जैसे भक्तिगीत सुनाए।
UP News
जन्माष्टमी का मुख्य धार्मिक अनुष्ठान मंदिर के गर्भगृह में रात 11:30 बजे से प्रारंभ हुआ और ठीक मध्य रात्रि भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोपरांत मंगल गीत व प्रसाद वितरण के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ, वाराणसी से आए महामंडलेश्वर संतोष दास उर्फ सतुआ बाबा, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।