UP News : आरक्षण के मुद्दे पर घमासन तेज, सपा ने की आंदोलन की घोषणा
UP News: Controversy intensifies on the issue of reservation, SP announces agitation
भारत
चेतना मंच
28 Dec 2022 05:06 PM
UP News : उत्तर प्रदेश में बिना ओबीसी आरक्षण निकाय चुनाव कराने के मुद्दे ने तूल पकड़ रखा है। विपक्ष ने इस मुद्दे को लपक लिया है। समाजवादी पार्टी ने प्रदेश भर में ''संविधान बचाओ, आरक्षण बचाओ" अभियान चलाने की घोषणा कर दी है।
ज्ञात रहे कि इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने उत्तर प्रदेश सरकार के जबाबों से असंतुष्ट होकर एक बड़ा फैसला दिया है। इस फैसले में कहा गया है कि सरकार पूरे प्रदेश में किसी को भी ओबीसी आरक्षण का लाभ दिए बिना ही 31 जनवरी तक स्थानीय निकाय (नगर पालिका व नगर निगम) के चुनाव कराए।
UP News :
प्रदेश सरकार ने जाहिर तौर पर इस फैसले को मानने से इंकार कर दिया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ घोषणा की है कि प्रदेश सरकार आयोग का गठन करके ओबीसी के आरक्षण का निर्धारण करेगी। उसी के बाद स्थानीय निकाय चुनाव कराए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा है कि जरूरी हुआ तो सरकार हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देगी।
इस बीच इस मुद्दे पर विपक्ष हमलावर हो गया है। प्रदेश में सबसे बड़े विपक्षी दल समाजवादी पार्टी ने इस फैसले पर तीखी प्रतिक्रियाएं देना जारी रखा है। पूर्व मुख्यमंत्री व सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा मूलत: आरक्षण विरोधी पार्टी है। भाजपा की सरकार ने इस मुद्दे पर कोर्ट में ठीक पैरवी ही नहीं की इस कारण इतना खराब आदेश आया है। अभी तक ओबीसी का आरक्षण खत्म किया है। यह सरकार जल्द ही दलित आरक्षण को भी खत्म कर देगी।
इस बीच सपा ने इस मुद्दे पर आंदोलन छेडऩे की घोषणा कर दी है। इस आंदोलन को ''संविधान बचाओ, आरक्षण बचाओ" आंदोलन का नाम दिया गया है। इस आंदोलन के तहत सपा प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ''आरक्षण बचाओ " रैली निकालने की रणनीति बना रही है।