
UP News : उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आयी है। खबर यह है कि यहां पर दो साल पहले प्रेम विवाह करने वाले एक युवक ने अपनी बीवी और आठ माह की बच्ची को कुल्हाड़ी से काट डाला है, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने हत्यारोपी को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच पड़ताल प्रारंभ कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बदायूं के दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव भुडेली के रहने वाले अखिलेश और पत्नी खुशबू की एक 8 माह की बेटी थी। अखिलेश दिल्ली में मेहनत मजदूरी कर के घर का खर्च चलाता था। लेकिन कुछ ही दिन पहले खेतीबाड़ी के सिलसिले से वो गांव लौटकर आ गया था। मंगलवार की रात पत्नी खुशबू से अखिलेश का विवाद हुआ था, जिसके बाद वह खेत चला गया था।
बुधवार की सुबह वह खेत से लौट कर आया और अपनी बहन से पत्नी के बारे में पूछा। पत्नी के कमरे में होने की जानकारी पर वह भी वहीं चला गया। जहां अखिलेश और उसकी पत्नी खुशबू के बीच फिर लड़ाई शुरू हो गई। इस बार गुस्साए अखिलेश ने पास रखी कुल्हाड़ी उठाई और पत्नी पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिए। जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
Read More - Greater Noida News : पहले प्रेम विवाह, फिर बिखराव और अब प्रेमी के साथ हुआ ये हादसाउधर, खुशबू की गोद में ही उसकी आठ माह की बच्ची सृष्टि भी थी। कुल्हाड़ी उसे भी लग गई, जिससे उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। बेटी और पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपित अखिलेश वहीं बैठ गया। उसकी बहन ने ये सब देखकर आसपास के लोगों व पुलिस को बुलाया। सूचना पर दातागंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सौरभ सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उस समय अखिलेश शव के पास ही बैठा हुआ था।
पुलिस अखिलेश को गिरफ्तार कर कोतवाली ले गई। उसे पत्नी का नहीं बल्कि बेटी की मृत्यु का अफसोस था। वारदात के पीछे अवैध संबंधों को भी माना जा रहा है। हालांकि, उससे वजह पूछी जा रही है, लेकिन वह कुछ जवाब नहीं दे रहा है। वहीं सूचना पर एसएसपी डॉ ओपी सिंह भी पहुंच गए। उन्होंने भी आरोपित से पूछताछ की लेकिन वह कुछ बोल नहीं रहा।
पुलिस छानबीन में सामने आया कि 2 साल पहले जब अखिलेश दिल्ली में रहकर नौकरी करता था, तब उसकी जान पहचान बिहार की रहने वाली खुशबू से हुई थी। दोनों में प्रेम सम्बन्ध हो गए थे, फिर दोनों ने भागकर शादी कर ली थी। जानकारी अनुसार खुशबू बार-बार अपने मायके जाने की जिद करती थी। जिसको लेकर कई बार झगडे भी होते थे। हालांकि, पुलिस अभी भी पूछताछ में जुटी हुई है। UP News