
UP News : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद में एक दलित की बारात में शामिल महिलाओं से छेड़छाड़ किए जाने का मामला इतना बढ़ा कि दबंग हथियार लेकर सड़क पर उतर आए। आरोप है कि दलित युवक की बारात में शामिल महिलाओं और बारातियों से मारपीट की गई और दहशत फैलाने के लिए कई राउंड फायरिंग की गई। मारपीट में कई लोगों के घायल होने की खबर है।
जानकारी के अनुसार बुलंदशहर की जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गांव गहना निवासी दलित युवक सचिन की बारात नजदीक के गांव रोहेरा में गई थी। देर रात बाराती झूमते गाते जा रहे थे कि इसी दौरान गांव के रहने वाले कुछ दबंग बारात में घुस आए और बारात में शामिल महिलाओं से छेड़छाड़ करने लगे। बारात में शामिल दूल्हे पक्ष के लोगों ने छेड़छाड़ का विरोध किया तो दबंग हथियार लेकर सड़क पर उतर आए और बारातियों की जबरदस्त पिटाई की। इस दौरान हमलावरों द्वारा फायरिंग भी की गई। मारपीट में आधा दर्जन लोगों के घायल होने की खबर है। इस बाबत दूल्हे के बड़े भाई धीरज पुत्र रमेश की ओर से कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बारातियों से मारपीट और हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फिलहाल पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।