UP News : झारखंड में हुई लूट व हत्या की घटना का गाजीपुर पुलिस ने किया खुलासा
Ghazipur police revealed the incident of robbery and murder in Jharkhand
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 12:47 AM
UP News : गाजीपुर। झारखंड में लूट और हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश को यूपी के गाजीपुर जिले की कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस की गोली से जख्मी बदमाश को अस्पताल में दाखिल कराया गया है। उस पर 25 हजार का इनाम घोषित है।
पुलिस अधीक्षक रोहन पी बोत्रे ने बताया कि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए जिले में अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस पूरे जिले में चेकिंग अभियान चला रही थी। रात करीब 11 बजे कोतवाली प्रभारी अपनी टीम के साथ अंधवा मोड़ पर बैरिकेडिंग कर चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान एक तेज रफ्तार मोटर साइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति बैरिकेड से बचते हुए भागने लगे। शक होने पर प्रभारी निरीक्षक ने बदमाशों का पीछा शुरू किया। इस दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम को भी जानकारी साझा की। इस सूचना पर जमानियां मोड़ तिराहे पर चेंकिग कर रहे रजदेपर चौकी इंचार्ज ने मोटर साइकिल सवारों को रोकने की कोशिश की। अपने को घिरा देखकर बदमाशों ने पुलिस पर फायर कर दिया। रजागंज चौकी क्षेत्र में चेकिंग कर रही एसओजी टीम को भी इस मामले की जानकारी मिली। उसके बाद एसओजी टीम और कोतवाली पुलिस ने सुखदेव चौराहे के पास रेलेव ब्रिज के ऊपर बदमाशों को घेर लिया। घेराबंदी के बावजूद वे भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर फिर से फायर कर दिया। पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की। इसमें मोटर साइकिल सवार एक बदमाश आजमगढ़ निवासी दिलीप यादव पुत्र सुरेन्द्र यादव पैर में गोली लगने से जख्मी होकर गिर गया। जबकि उसका साथी भागने में सफल रहा।
एसपी ने बताया कि घायल बदमाश को सदर अस्पताल में एडमिट कराया गया है। पूछताछ से मालूम हुआ कि वह झारखण्ड के सरायकेला से लोड होकर पश्चिम बंगाल के लिए निकले ट्रक की लूट की घटना व चालक की हत्या की घटना को अंजाम दिया है। उस मामले में उस पर 25 हजार का इनाम घोषित है। उन्होंने बताया कि मौके पर से फरार बदमाश के बाबत जानकारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए बदमाशा पर गाजीपुर, आजमगढ़ और गोण्डा के थानों मंे चार मुकदमे दर्ज हैं।
रोहन पी बोत्रे ने बताया कि घायल बदमाश के पास से एक तमंचा, 4 खोखा कारतूस और 01 मोटर साइकिल बरामद की गई है। इसके अलावा पूर्व मंे इसके साथियों के पास से झारखंड में लूटा गया ट्रक और उस पर लदा 20 हजार किलो सरिया बरामद किया गया था। उस वारदात में यह भी शामिल था।