
UP News : यूपी के आगरा से पति पत्नी के बीच विवाद का एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है। पति ने अपनी ही पत्नी की इज्जत का सरेआम तमाशा बना दिया। सारी मर्यादाओं को लांघते हुए अपनी ही पत्नी के अश्लील पोस्टर उसी अपार्टमेंट में लगा दिए। जिस अपार्टमेंट में पत्नी अपने परिजनों के साथ रहती है। जमकर हंगामा हुआ। मामला इतना बढ़ गया कि महिला ने खुद को फ्लैट में बंद कर लिया।
यह पूरा प्रकरण आगरा के कमला नगर इलाके के एक अपार्टमेंट का है। जहां एक महिला का पति अचानक कमला नगर क्षेत्र में स्थित उसके अपार्टमेंट में पहुंच गया और महिला के अश्लील पोस्टर चिपकाने लगा। महिला को जब यह पता चला तो उसके होश उड़ गए। उसने अपने पति को ऐसा करने से रोकने की कोशिश की और उसका विरोध किया। परंतु पति ने अपनी गलती मानने के बजाए हंगामा खड़ा कर दिया।
इतना ही नहीं, उसने महिला से मारपीट की भी कोशिश की। विवाद इतना बढ़ गया कि महिला को अपनी जान बचाने के लिए भागना पड़ा। उसने खुद को फ्लैट में बंद करके बचाया। इस पूरे मामले की पुलिस से शिकायत की गई है। अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी पति की करतूत रिकार्ड हो गई है।
अपार्टमेंट में हंगामा मचाने वाले शख्स की शादी महिला से साल 2012 में हुई थी। शख्स ट्रांस यमुना कॉलोनी का रहने वाला है। शख्स की पहले भी एक शादी हो चुकी है। परंतु वह अपनी पहली पत्नी को जेल भिजवा चुका है। शख्स ने अपनी पहली पत्नी पर अपने भाई की हत्या का आरोप लगाया था। फिर कमला नगर में रहने वाली महिला से दूसरी शादी की।
महिला का कहना है कि उससे पहली शादी की बात छिपाई गई थी। शादी के कुछ दिनों तक घर का माहौल ठीक था। पति का व्यवहार भी सामान्य था। पर समय बीतने के साथ पति छोटी छोटी बातों पर प्रताड़ित करने लगा। इसी वजह से वह अपने मायके में रहती है। वह अपने पति की हरकतों से तंग आ चुकी है।