
UP News: कानपुर में आयकर विभाग ने रेजगारी बदलने का कारोबार करने वाले दो कारोबारियों की दुकान और घरों पर छापा मारा है। इस छापे में अब तक करीब 1 करोड़ रुपए कैश बरामद होने की सूचना है। दुकानों के बाद अब इन कारोबारियों के घरों में रेड की गई है। सूत्रों के मुताबिक 25 किलो चांदी भी बरामद की गई है।
बताते चलें कि कानपुर के हालसी रोड स्थित रेजगारी व्यापारी के 8 ठिकानों पर आयकर टीमों ने एक साथ छापा मार कर करोड़ों की नगदी व सोना बरामद किया है। सुबह से शुरू की गई कार्रवाई में आयकर विभाग के 24 अफसर शामिल थे। सूत्रों की माने तो रेजगारी और कटे-फटे नोट बदलने वाले व्यापारी संजय व मनोज के ठिकानों पर नोट गिनने की चार मशीनें और सोना चांदी तौलने के लिए तराजू भी मंगाए गए हैं।
आयकर सूत्रों का कहना है कि दोनों ही व्यापारियों के द्वारा टैक्स चोरी कर करोड़ों रुपये जमा किए गए हैं। उनके ठिकानों पर से सोना-चांदी भी बरामद हुआ है। कार्रवाई अभी जारी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बिजनेसमैन संजय गुप्ता के यहां छापेमारी की कार्रवाई की गई। उसके आवास और ऑफिस से दो करोड़ से अधिक की नगदी बरामद की गई है। साथ ही 25 किलो सोना-चांदी बरामद की गई। आयकर विभाग की कार्रवाई 24 घंटे से ज्यादा से चल रही है। यहां पर नोट गिनने के लिए मशीनों को भी लाया गया था।