UP News : यूपी में अबकी बार मिशन-80: योगी आदित्यनाथ
CM Yogi
भारत
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 01:35 PM
UP News : मिशन 80 के संकल्प के साथ चित्रकूट में आयोजित तीन दिवसीय प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग के समापन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार सबका साथ सबका विकास के मूल मंत्र की धारणा के साथ काम कर रही है। हम सबको साथ लेकर सबसे विकास के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन एक वर्ग है जो हमसे जुड़ना नहीं चाहता। हमने केवल सिद्धांतों की राजनीति को अपनाया है। सिद्धांतविहीन राजनीति हम नहीं करते।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सुशासन और विकास के जरिये संगठन की मजबूती का रास्ता तैयार करने का पाठ पढ़ाया। सरकार प्रदेश के विकास के लिए 25 वर्ष आगे की कार्ययोजना लेकर बढ़ रही है। अभी हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। 25 वर्ष बाद स्वर्ण जयंती महोत्सव इससे भी भव्य तरीके से मनाएंगे।
मुख्यमंत्री योगी ने ऐलान किया कि साल 2024 के लक्ष्य को पूरा करने में कोई कोताही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यूपी में अबकी बार मिशन-75 नहीं, मिशन-80 पर ध्यान केंद्रित करना है। इसके लिए केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों पर सभी को जमीन पर काम करना होगा। उन्होंने संकल्प दिलाया कि जीरो टॉरलेंस पर काम करने से भाजपा का संगठन मजबूत होगा और केंद्र में सरकार भी बनेगी।