आगरा में कैबिनेट मंत्री की बैठक से अफसर नदारद, बेबी रानी मौर्य ने योगी से शिकायत की चेतावनी दी
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 01:11 AM
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 01:11 AM
UP News : उत्तर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने सोमवार को किसानों की समस्याओं पर चर्चा के लिए आगरा के विकास भवन में बैठक बुलाई, लेकिन इसमें कई वरिष्ठ अधिकारियों की गैरमौजूदगी ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री ने बैठक रद होने के बाद इसकी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिकायत करने की चेतावनी दी।
बैठक में अफसर नदारद, मंत्री ने गुस्से में रद की बैठक
बैठक सुबह 11 बजे निर्धारित थी, लेकिन मंत्री बेबी रानी मौर्य समय से पहले सभागार पहुंचीं। 12 बजे तक किसी भी अधिकारी के न पहुंचने और उनका इंतजार करने के बाद उन्होंने बैठक स्थगित कर दी। उन्होंने कहा कि जब अधिकारी किसानों की समस्याओं को सुनने के लिए तैयार नहीं हैं, तो बैठक का कोई औचित्य नहीं रह जाता। मंत्री ने यह भी कहा कि यदि अन्य विभाग के अधिकारी उपस्थित नहीं हो सकते थे, तो कम से कम कृषि विभाग के अधिकारी बैठक में शामिल होते। उन्होंने चेतावनी दी कि इस गंभीर मुद्दे की रिपोर्ट शासन को लिखित रूप में भेजी जाएगी।
किसानों का गुस्सा फूटा, प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी
बैठक रद होने पर किसानों में आक्रोश फैल गया। किसानों ने आगरा प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि प्रशासन किसानों के साथ छल कर रहा है। किसान नेता श्याम सिंह चाहर ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो इसका जवाब 2027 के चुनाव में मिलेगा। इस घटना ने प्रशासनिक लापरवाही और किसानों की समस्याओं के प्रति सरकार की जवाबदेही पर नई बहस को जन्म दे दिया है। UP News