
UP News : हरदोई। यूपी के हरदोई जिले में डेढ़ वर्ष के मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना को लेकर परिजनों ने हंगामा खड़ा कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही, घटना की जांच पड़ताल में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, अतरौली थाना क्षेत्र में एक डेढ़ वर्ष के मासूम की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मासूम की मां हत्या की आशंका जता रही है। मासूम के सिर और कमर पर चोट के निशान मिले हैं। साथ ही, गला दबाने के भी निशान हैं। इससे मामला संदिग्ध लग रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
क्षेत्र के लालपुर आशा आश्रम गांव निवासी ज्ञानी के डेढ़ वर्षीय पुत्र अरुनव खेलते खेलते गायब हो गया, फिर उसकी लाश मिली। मासूम की मां मुस्कान ने बताया सुबह घर में भोजन बना रही थी। ससुर गुरूदयाल, सास कमला चचेरे ससुर रामसहारे गेहूं की फसल काटने खेत गए थे। खाना बनाते समय दरवाजे पर खेल रहे मासूम अरूनव अचानक गायब हो गया। उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन वह कहीं नहीं मिला। इसके बाद शाम को सास कमला खेत से वापस आई, तो कमरे में देखा कि अविवाहित बेटी अपने भतीजे अरूनव के पास चुपचाप बैठी थी। चारपाई पर मासूम का शव पड़ा था।
मुस्कान ने बताया कि सास को देखते ही मौका पाकर ननद आशा छत से चढ़कर पड़ोस में चाचा के घर में भूसा की कोठरी में बैठ गई। मासूम की मां मुस्कान का कहना है कि अविवाहित ननद आए दिन झगड़ा करती थी। पुलिस ने मृतक की बुआ को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि मासूम की बुआ मानसिक रूप से बीमार है।
मामले पर अधिक जानकारी देते हुए एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि बच्चा अचेत अवस्था में मिला था, जिसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है।
एसपी ने बताया है कि मां के आरोपों के आधार पर मृतक की बुआ को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि युवती को मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामला स्पष्ट हो सकेगा।