UP News : लखनऊ । लखनऊ से बलिया तक बने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निर्माण में एक बार फिर खामियां उजागर हुई हैं। इलाके में भारी बारिश के चलते पूर्वांचल एक्सप्रेसवे एक स्थान पर धंस गया है। सड़क धंस जाने से हलियापुर क्षेत्र में करीब 15 फीट का गढ्ढा बन गया। गढ्ढे में लखनऊ की ओर जा रही कार घुस गई। पीछे आ रही कई गाडिय़ां भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। कार सवार लोगों को मामूली चोटें आईं हैं। पुलिस और यूपीडा ने राहत कार्य शुरू कर दिया है।
इस बीच एक्सप्रेसवे पर आ रहे वाहनों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया है। करीब 12 घंटे बाद पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हलियापुर के पास आवागमन बहाल हुआ। अब छोटी गाडिय़ों को पास कराया जा रहा। बड़े वाहनों पर अभी भी रोक लगी है। मिट्टी डालकर मशीन व रोलर से गड्ढे को भरा गया है। हालांकि बरसात के कारण डामर नहीं डाला गया।
ज्ञात हो कि बीते साल नवंबर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लखनऊ से बलिया तक बने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था। एक वर्ष के भीतर हुए गढ्ढे ने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब हलियापुर थाने के 83वें किलोमीटर पर सड़क धंसी है।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे नौ जिलों लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, सुलतानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, आजमगढ़ , मऊ और गाजीपुर से होकर गुजरता है। यह चंद सराय गांव, लखनऊ जिले से शुरू होता है और हैदरिया गांव, एनएच-31, गाजीपुर जिले में समाप्त होता है। 341 किमी लंबे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को बनाने में 22,497 करोड़ रुपये की लागत आई है। इस पर टोल टैक्स भी वसूला जा रहा है।