
UP News : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को एक हैरतअंगेज कांड हो गया। जिसके बाद चीख पुकार मच गई। इस कांड की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस अधिकारी मौके की तरफ दौड़ पड़े। आनन फानन में रेस्क्यू टीम को बुलाकर बचाव कार्य शुरू किया गया।
दरअसल, लखनऊ के इकाना स्टेडियम का यूनीपोल स्कॉर्पियो गाड़ी पर गिर गया। इसमें तीन लोग दब गए। वहीं घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और फायर टीम पहुंची। करीब 1 घंटे तक चले रेस्क्यू के बाद घायलों को बाहर निकालकर लोहिया अस्पताल ले जाया गया। जहां पर 39 वर्षीय एक महिला प्रीति जंगी और उसकी बेटी की मौत हो गई।
हादसे की सूचना पर गोमतीनगर विस्तार, सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस समेत कई अधिकारी और गोमतीनगर फायर स्टेशन की टीम पहुंच गई। जेसीबी और क्रेन लगाकर बोर्ड में लगे लोहे के एंगल और मलबा को हटाया गया। पुलिस ने बताया कि तीन लोग स्कॉर्पियो में सवार थे, जिसमें दो महिलाएं और एक पुरुष था। घायल मोहम्मद सरताज मृतक के घर गाड़ी चलाने का काम करता है।
स्पेशल डीजी प्रशांत कुमार ने बताया कि दोपहर बाद अचानक से लखनऊ का मौसम बदल गया। तेज आंधी चलने से इकाना स्टेडियम में आउट डोर ब्रांडिंग के लिए लगे यूनिपोल गिर गए। यूनिपोल गिरने से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में राहत बचाव कार्य के लिए पुलिस और क्रेन को भेजकर बोर्ड के मलबे में दबे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत बचाव कार्य किया गया।
आपको बता दें जून के माह में मौसम लगातार अपना रंग दिखा है। जून के माह में भी तेज आंधी और हवाएं चल रही है। यूपी में मौसम के बदलाव के कारण जहां लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं अचानक होने वाले हादसों से भी लोग जूझ रहे हैं। आपको बता दें कि जून माह में लू चलती हैं, लेकिन इस साल लू की जगह आंधी और बारिश हो रही है।