
UP News : राजस्थान के उदयपुर और अमरावती में सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करने पर कन्हैयालाल और उमेश कोल्हे की हत्या की घटना के बाद उत्तर प्रदेश (UP News) पुलिस अलर्ट हो गई है। अब जमीन पर काम करने के साथ साथ यूपी पुलिस सोशल मीडिया पर भी एक्टिव रहेगी। इसी के साथ सोशल मीडिया पर विशेषकर व्हाटसएप, फेसबुक और ट्विटर पर पोस्ट करने वालों की यूपी पुलिस द्वारा निगरानी की जाएगी।
आपको बता दें कि उदयपुर में कन्हैयालाल और महाराष्ट्र के अमरावती में उमेश कोल्हे की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। दोनों के मर्डर के पीछे एक कॉमन वजह सामने आई थी, वो थी सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करना। बताया जाता है कि दोनों मर्डर की वजह सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट भी रही है। इन वारदातों से सबक लेते हुए बाद यूपी की पुलिस अलर्ट हो गई है। उत्तर प्रदेश में इस तरह की कोई वारदात न हो, इसके लिए पुलिस एक नई एक्सरसाइज करेगी। लिहाजा यूपी पुलिस अब सोशल मीडिया पर भी अपनी पैनी नजर रखेगी और सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफार्म पर भी मुस्तैद रहेगी।
सूत्रों के अनुसार डीजीपी ऑफिस की ओर से बताया गया है कि सोशल मीडिया पर भ्रामक और अफवाहों का खंडन करने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस लगातार सक्रिय रहती है, जिसके चलते वह ट्विटर पर @uppviralcheck एकाउंट के नाम से एक्टिव है। डीजीपी ऑफिस की ओर से जारी प्रेसनोट में बताया गया कि झूठी और भ्रामक सूचनाओं के खंडन और उसे सही तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने के लिए ट्विटर के साथ ही यूपी पुलिस का एकाउंट फेसबुक और इंस्टाग्राम पर भी शुरू किया जा रहा है।
पुलिस की ओर से ये जानकारी भी दी गई है कि कोई व्यक्ति जो सोशल मीडिया पर अफवाह फैला रहा है, उसके बारे में यूपी पुलिस के फेसबुक, टि्वटर और इंस्टाग्राम के मैसेज बॉक्स में जाकर सूचना दी जा सकती है। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा और जो शख्स अफवाह फैला रहा है, ऐसे असामाजिक तत्व के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।