
UP News / Lucknow News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बीते दिनों हुए उमेश पाल हत्याकांड मामले में UP STF ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने माफिया अतीक अहमद के वकील विजय मिश्रा को लखनऊ के होटल हयात लिगेसी से गिरफ्तार किया है। विजय मिश्रा को प्रयागराज पुलिस ने अपनी गिरफ्त में लिया है। विजय मिश्रा के खिलाफ अतरसुइया थाने में तीन करोड़ की रंगदारी मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज है, जिसमें वह फरार चल रहा था। वहीं उमेश पाल हत्याकांड में उमेश की लोकेशन शूटर को देने का आरोप है।
बताया जा रहा है कि विजय मिश्रा लखनऊ के हयात होटल में किसी महिला के साथ रुका था। महिला के अतीक परिवार से जुड़े होने की खबर है जिसकी पहचान की जा रही है। इसके अलावा विजय अतीक और अशरफ के साथ उस अस्पताल के आस पास भी मौजूद था, जहां अतीक और अशरफ को गोली मारी गई थी। विजय मिश्रा पर अतीक के नाम अपर रंगदारी मांगने की एफआईआर दर्ज है।
जूनियर वकील हिमांशु पांडे का कहना है कि विजय मिश्रा को पुलिस देर रात करीब 10.30 बजे अपने साथ ले गई है। फिलहाल पुलिस इस पर अपनी सहमति नहीं जता रही है लेकिन जिस तरह विजय की गिरफ्तारी की बात सामने आई है उसके बाद से इस बार की भी चर्चा है माफिया अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन उनके संपर्क में हैं। बता दें कि विजय मिश्रा माफिया अतीक अहमद और अशरफ के अलावा अतीक के बेटे अली समेत परिवार के कई सदस्यों का केस लड़ रहे हैं। करीब दो महीने पहले अधिवक्ता विजय मिश्रा का एक ऑडियो वायरल हुआ था जिसमें विजय मिश्रा प्लाईवुड के एक कारोबारी को धमकी दे रहा था।
थाना धूमनगंज पुलिस द्वारा अधिवक्ता उमेश पाल हत्याकांड में वांछित अभियुक्त विजय कुमार मिश्रा पुत्र संतोष मिश्रा निवासी ककरा थाना सराय इनायत गंगानगर कमिश्नरेट प्रयागराज संबंधित मु.अ.सं. 114/23 धारा 147/148/149/302/307/506/34/120बी भा.द.वि. व 3 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम व 7 सीएलए एक्ट व 3(2)V एससी/एसटी एक्ट को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया। UP News