
UP News / कानपुर। यूपी के कानपुर देहात के मंगलपुर थाने की हवालात में नाबालिग से रेप के आरोपी ने अपनी गर्दन संदिग्ध हालात में काट डाली। हालत बिगड़ने पर पुलिस ने देखा तो उसे प्राथमिक उपचार कराने के बाद कानपुर शहर के हैलट अस्पताल लेकर पहुंची है। युवक का इलाज किया जा रहा है। गंभीर घाव होने के चलते गर्दन की सर्जरी की जाएगी।
कानपुर देहात मगंलपुर थाना क्षेत्र के टिकुरिया टोला नरवन चौराहा के पास रहने वाला 32 वर्षीय आलोक गुप्ता नामक युवक एक 15 साल की किशोरी को बहला-फुसला कर भगा ले गया था। किशोरी के पिता ने आलोक के खिलाफ मंगलपुर थाने में रेप, अपहरण समेत अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। करीब 15 दिन बाद मंगलपुर थाने की पुलिस ने सर्विलांस की मदद से आरोपी आलोक गुप्ता को दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ करने के बाद हवालात में बंद कर दिया था। इस दौरान उसने किसी धारदार चीज से अपनी गर्दन रेत ली। हालत बिगड़ने पर पुलिस वालों ने देखा तो उसे कानपुर देहात जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने के चलते प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर शहर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। हैलट में आलोक का इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि युवक के गर्दन में घाव ज्यादा होने के चलते हालत गंभीर है। उसका इलाज किया जा रहा है।
एसपी कानपुर देहात बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि रेप के आरोपी हवालात में संदिग्ध हालात में अपनी गर्दन रेती है। हवालात में किस चीज से या कैसे गर्दन रेती है, इसकी जांच की जा रही है। इसके साथ ही आरोपी को इलाज के लिए हैलट में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। इलाज के बाद उसे जेल भेजा जाएगा।